देश

37 साल की BRS विधायक नंदिता की कार एक्सीडेंट में मौत, डिवाइडर से टकराकर पलट गई एसयूवी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 23, 2024, 09:30 AM IST

1986 में हैदराबाद में जन्मी लस्या नंदिता ने लगभग एक दशक पहले राजनीति में कदम रखा था। 2023 की शुरुआत में उनके पिता का भी निधन हो गया था।

Image

बीआरएस विधायक लस्या नंदिता की मौत

Lasya Nanditha Dies: भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता व विधायक जी लस्या नंदिता की शुक्रवार को संगारेड्डी में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। यह दुर्घटना जिले के अमीनपुर मंडल में सुल्तानपुर आउटर रिंग रोड पर हुई। 37 वर्षीय नंदिता एक एसयूवी में जा रही थीं, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और यह डिवाइडर से टकरा गईं। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

ड्राइवर की लापरवाही का अंदेशा

संगारेड्डी के पुलिस अधीक्षक सीएच रूपेश ने कहा, लस्या नंदिता बसारा से गाचीबोवली की ओर जा रही थीं। ऐसा संदेह है कि ड्राइवर गाड़ी चलाते समय सो गया होगा। गाड़ी को आगे की तरफ काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा उनका निजी सुरक्षा अधिकारी भी घायल हो गया। शुरुआत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके शव को एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

एक दशक पहले रखा राजनीति में कदम

1986 में हैदराबाद में जन्मी लस्या नंदिता ने लगभग एक दशक पहले राजनीति में कदम रखा था। 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में सिकंदराबाद छावनी से विधायक चुने जाने से पहले उन्होंने कवाडीगुडा वार्ड में पार्षद के रूप में काम किया। उनके पिता जी सयन्ना पहले सिकंदराबाद छावनी सीट से विधायक थे, लेकिन 2023 की शुरुआत में उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद नंदिता ने बीआरएस के टिकट पर चुनाव जीता।

के चंद्रशेखर राव ने जताया शोक

अपने कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने नंदिता की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और उनके शोक संतप्त परिवार को पार्टी द्वारा हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी नंदिता के निधन पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, कैंट विधायक नंदिता की असामयिक मृत्यु से मुझे गहरा सदमा लगा। नंदिता के पिता सयन्ना के साथ मेरे घनिष्ठ संबंध थे। पिछले साल इसी महीने में उनका निधन हो गया...यह बहुत दुखद है कि अब नंदिता की भी अचानक मृत्यु हो गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article