BK Sister Jayanti News: ब्रह्माकुमारी की यूरोपीय डायरेक्टर सिस्टर जयंती कहा कि हम धरती से उतना ही ग्रहण करें जितनी हमें जरूरत है। सिस्टर जयंती ने कहा कि मानव की अनाप-शनाप गतिविधियों का धरती और पर्यावरण पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। हवा, पानी, भोजन सब प्रदूषण की चपेट में आ चुके हैं। इसलिए यह जरूरत की मांग है कि हम 'सादा जीवन उच्च विचार' के रास्ते पर चलें। अगर इंसान को अपना जीवन बचाए रखना है तो धरती का महत्व बनाए रखना होगा।
मिट्टी, पानी, वृक्षों को बचाना होगा। यह अनुचित है कि हम जिन नदियों की पूजा करते हैं, उन्हीं को प्रदूषित भी करते हैं। सिस्टर जयंती ने कहा कि हमें पौधे लगाने के साथ ऊर्जा के नए स्रोतों का इस्तेमाल करना होगा। इसकी जिम्मेदारी सिर्फ सरकार पर भी नहीं है। हम भी अपने स्तर पर घरों में सोलर पैनल और सोलर कुकर जैसी चीजें लगा लगा सकते हैं।
'पानी की बर्बादी रोकें और उसे ज्यादा से ज्यादा रिसाइकिल करें'
उन्होंने कहा कि धरती के स्रोत सीमित हैं, लेकिन उनका दोहन सारी सीमाएं पार कर रहा है। हम हमेशा धरती से प्राप्त करते आए हैं। हमने कभी यह नहीं सोचा कि हम धरती को वापस क्या दे रहे हैं। लेकिन अब इसके बारे में सोचना ही होगा। पानी की बर्बादी रोकें और उसे ज्यादा से ज्यादा रिसाइकिल करें। यह सब इसलिए भी जरूरी है कि अगर हमने धरती को नहीं बचाया तो हम खुद भी नहीं बचेंगे।
