Bombay HC Issues Summons To Devendra Fadnavis: बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण पश्चिम विधानसभा सीट से 2024 में उनकी जीत को चुनौती देने वाली एक चुनाव याचिका में नोटिस जारी किया। यह याचिका कांग्रेस के प्रफुल्ल विनोदराव गुडाधे ने दायर की थी, जो फडणवीस से 39,710 वोटों के अंतर से हार गए थे।
प्रक्रियागत खामियों और भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाया
याचिका में गुडाधे ने प्रक्रियागत खामियों और भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाया था और मांग की थी कि हाईकोर्ट फडणवीस की जीत को अमान्य घोषित करे। गुडाधे के वकील पवन दहत ने कहा, जस्टिस प्रवीण पाटिल की पीठ ने सीएम फडणवीस को 8 मई को जवाब देने के लिए समन जारी किया है। गुडाधे के वकील दहत और एबी मून ने दावा किया कि पिछले साल नवंबर में हुए चुनावों के दौरान कई अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं किया गया था।
महायुति ने 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में 230 सीटें जीतकर विधानसभा चुनावों में भारी जीत दर्ज की, जिसके बाद फडणवीस मुख्यमंत्री बने। इस बीच, हाई कोर्ट ने नागपुर पश्चिम से भाजपा विधायक मोहन मते और चंद्रपुर जिले की चिमूर सीट से कीर्तिकुमार भांगडिया को भी इसी तरह की चुनाव याचिकाओं में समन जारी किया।
