हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में बेंगलुरु के सात पर्यटकों और एक टैक्सी चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों को लेकर जा रही टैक्सी चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किल्लर मार्ग पर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
शुक्रवार को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार देर रात हुई, लेकिन दुर्गम क्षेत्र और संचार सुविधाओं की कमी के कारण इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को शनिवार दोपहर बाद मिल सकी। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
निकाले गए शव
चुराह से भाजपा विधायक हंस राज ने बताया कि खाई बेहद गहरी होने और मौसम खराब रहने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। हालांकि रविवार को अभियान दोबारा शुरू किया गया और सभी आठ शवों को बाहर निकाल लिया गया।
दो अलग-अलग परिवारों के थे मृतक, ऐसे हुई थी मुलाकात
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों परिवार डलहौजी में मिले थे और उन्होंने एक ही टैक्सी से बर्फबारी देखने के लिए साच दर्रा जाने का फैसला किया था। शुक्रवार को टैक्सी चालक के साथ सभी लोग बैरागढ़-किल्लर मार्ग पर निकले थे, लेकिन निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटे।
जीपीएस से हुआ खुलासा
जब वाहन मालिक को टैक्सी से कोई संपर्क नहीं हो पाया तो उसने जीपीएस लोकेशन की जांच की। जीपीएस डेटा में वाहन कलावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई और वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दुर्गम पहाड़ी मार्ग और कठिन मौसम की परिस्थितियों के बीच वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैक्सी सीधे खाई में जा गिरी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान अरविंद चंद्रकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्रकर, पुत्र दर्श चंद्रकर और अक्षद चंद्रकर (सभी बेंगलुरु निवासी), पी.जी. कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और पुत्र नंदन (सभी कर्नाटक निवासी) तथा टैक्सी चालक विश्वास (चंबा निवासी) के रूप में हुई है।
हर साल साच दर्रा जाते हैं हजारों लोग
यह हादसा हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम और खतरनाक मार्गों में गिने जाने वाले साच दर्रा मार्ग पर हुआ, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
