देश

मुंबई में बड़ा नाव हादसा, अब तक 13 लोगों की मौत; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

Mumbai Boat Accident: महाराष्ट्र के मुंबई में बुधवार की शाम एक बड़ा नाव हादसा हो गया। यहां एक यात्री जहाज नौसेना की नाव से जा टकराया। इस हादसे में अभी तक 13 लोगों की मृत्‍यु की पुष्टि हो चुकी है। इस बीच पीएम मोदी ने नौका दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

Image

प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

Photo : ANI

Mumbai Boat Accident: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मुंबई तट के पास हुई नौका दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। नौसेना ने कहा कि मुंबई तट के समीप बुधवार को नौसेना के एक पोत के एक नौका से टकराने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 99 अन्य लोगों को बचा लिया गया। नौसेना की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि नौसेना का पोत इंजन परीक्षण के लिए जा रहा था, लेकिन तभी शाम चार बजे इसने नियंत्रण खो दिया और करंजा के पास यह नीलकमल नामक नौका से टकरा गया। यह नौका यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया से लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफेंटा’ द्वीप पर लेकर जा रही थी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनके हवाले से एक पोस्ट में कहा कि मुंबई में हुई नौका दुर्घटना दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं। प्रभावितों को सहायता प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुंबई में नौका दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकट परिजन के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

बचाव अभियान के लिए 11 क्राफ्ट और 4 हेलीकॉप्टर किए गए तैनात

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 3:55 बजे हुई जब नीलकमल नामक यात्री जहाज नौसेना की नाव से टकराने के बाद समुद्र में पलट गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मारे गए लोगों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि मुंबई के पास , बुचर द्वीप पर, नीलकमल नामक एक यात्री जहाज नौसेना की नाव से टकराने के बाद दोपहर 3:55 बजे पलट गया। अब तक 101 लोगों को बचाया जा चुका है, लेकिन शाम 7:30 बजे तक 13 लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में 10 नागरिक और तीन नौसेना के जवान थे। दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का इलाज नौसेना डॉकयार्ड अस्पताल में किया जा रहा है।

भारतीय नौसेना , तटरक्षक और पुलिस ने बचाव अभियान के लिए 11 क्राफ्ट और चार हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। हालांकि, ऑपरेशन अभी भी जारी है और लापता लोगों के बारे में कल सुबह तक और जानकारी मिल पाएगी। जिन लोगों की जान गई है उनके परिवारों को सीएम रिलीफ फंड से 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। इस घटना की जांच पुलिस और भारतीय नौसेना द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article