Leh Army Camp Fire: लद्दाख के लेह में रविवार को एक आर्मी कैंप में आग लग गई जिसके तत्काल बाद भारतीय सेना के जवानों ने आग पर काबू पा लिया। यह मामला लेह के डिग्री कॉलेज के पास मौजूद आर्मी कैंप का बताया जा रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
जवानों ने बुझाई आग
आर्मी कैंप में धधक रही आग पर सेना के जवानों ने काबू पाया। हालांकि, दमकल विभाग की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची। समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया जिसमें देखा जा सकता है कि जवान सेना के एक टैंकर में चढ़कर पानी निकाल रहे हैं और आग पर पानी छिड़क रहे हैं।
सेना का वाहन खाई में गिरा
जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर 700 फुट गहरी खाई में गिर जाने से तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सेना का ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा था। यह हादसा बैटरी चश्मा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे हुआ।
अधिकारियों ने कहा कि सेना, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SRRF) और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा तत्काल संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन सैनिकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान सिपाही अमित कुमार, सुजीत कुमार और मान बहादुर के रूप में हुई है।
