BJP Meeting: भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक जून को अपने केंद्रीय मुख्यालय में 1 जून एक अहम बैठक करने जा रही है। इस बैठक का उद्देश्य केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) करेंगे। इसमें संगठन के कई वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय पदाधिकारी, महासचिव, उपाध्यक्ष और विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। माना जा रहा है कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है।
जून महीने में बीजेपी अपने संगठन में कर सकती है बड़े बदलाव
बताया जा रहा है कि जून महीने में बीजेपी अपने संगठन में कुछ बड़े बदलाव कर सकती है। पार्टी की परंपरा के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नई टीम का गठन करेंगे। ऐसे में यह मौजूदा पदाधिकारियों की अंतिम संयुक्त बैठकों में से एक हो सकती है। इससे पहले पार्टी कुछ राज्यों के नए अध्यक्षों की घोषणा भी कर चुकी है और जल्द ही नई टीम का ऐलान होने की संभावना है। इधर, राज्यसभा चुनावों (Rajya Sabha chunav 2026) को लेकर भी बीजेपी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।
चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) भी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेगी। बैठक में आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जा सकता है। पार्टी का मुख्य फोकस उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर रहेगा। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 18 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित किया है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण चुनाव कराए जा रहे हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है।
ऐसे में बीजेपी की यह बैठक संगठनात्मक और चुनावी दोनों नजरियों से काफी अहम मानी जा रही है।
