देश

राजस्थान में भी MP वाला फार्मूला अपनाएगी भाजपा! इन केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को लड़वा सकती है विधायकी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 27, 2023, 05:34 PM IST

Rajasthan Assembly Election 2023: भाजपा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान लोकसभा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा सहित लगभग आधे दर्जन सांसदों को उम्मीदवार बनाकर राजस्थान विधानसभा चुनाव में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है।

Image

राजस्थान में भी केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को टिकट दे सकती है भाजपा

Photo : BCCL

Rajasthan Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश की तर्ज पर भाजपा राजस्थान में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भी केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को विधायकी का चुनाव लड़वाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जयपुर में राजस्थान भाजपा कोर ग्रुप नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर इस बारे में अंतिम राय बनाएंगे।

अंतिम फैसला करने से पहले नड्डा और शाह राजस्थान में संघ कार्यों का दायित्व संभालने वाले नेताओं से भी विचार-विमर्श करेंगे। जयपुर से विचार-विमर्श कर लौटने के बाद राजस्थान के उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श करने के लिए पार्टी जल्द ही अपने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाएगी और बैठक में लिए गए अंतिम फैसले के आधार पर पार्टी जल्द ही राजस्थान के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है।

इन केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के नामों पर चल रहा विचार

पार्टी सूत्रों की माने तो, भाजपा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान लोकसभा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा सहित लगभग आधे दर्जन सांसदों को उम्मीदवार बनाकर राजस्थान विधानसभा चुनाव में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस संबंध में अमित शाह और जेपी नड्डा की आज जयपुर में भाजपा नेताओं के साथ होने वाली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी भाजपा

आपको बता दें कि, राजस्थान को लेकर भाजपा आलाकमान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया द्वारा लगातार अपनी भूमिका स्पष्ट करने की मांग के बावजूद पहले ही यह फैसला कर चुका है कि पार्टी राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे के साथ सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। इसलिए पार्टी ने मध्य प्रदेश की तर्ज पर अपने दिग्गज नेताओं (केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों) को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने का मन बनाया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article