Nitish Kumar : बिहार में बड़ा राजनीतिक बदलाव हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। इसकी घोषणा नीतीश ने गुरुवार को अपने X अकांउट पर की। इस घोषणा के साथ ही बिहार सहित देश की राजनीति गरमा गई। जनता दल-यूनाइटेड के कार्यकर्ता नीतीश के इस फैसले को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इसके विरोध में वे सड़कों पर उतर आए हैं। नीतीश के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर अभी सस्पेंस कायम हैं। हालांकि, सीएम पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इस बीच, विपक्ष दलों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने निशाना साधते हुए कहा कि 'जी-2 द्वारा रची गई साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है।'
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर राजनीति गरमा गई है।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर जयराम ने कहा, 'बिहार चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वही अब सच साबित हो गई है। G2 द्वारा रची गई साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है। कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।'
अपने सबसे पुराने साथी को धोखा दिया-पप्पू यादव
तो वहीं पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहा कि 'हिंदू धर्म की ठेकेदार पार्टी होली के दिन अपने सबसे पुराने साथी को धोखा दिया। होली में पराए अपने हो जाते हैं। BJP अपनों की पीठ में छूरा घोंप पराया बना प्राण ले लेती है। चंद्रबाबू नायडू जी सावधान! नीतीश जी के नाश का षड्यंत्र रचने वाला आपके लिए साजिश रचे उससे पहले सचेत हो जाओ आप!'
कांग्रेस यह बात बार-बार दोहरा रही थी-संदीप दीक्षित
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताने पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, 'हमारे लिए इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है। कांग्रेस बार-बार इस बात को कह रही थी और हमें लग रहा था कि कहीं न कहीं कुछ बड़ा होने जा रहा है। भाजपा का एक पुराना तरीका रहा है कि स्थानीय नेतृत्व वाली पार्टियों के कंधे पर चढ़कर अपने आप को स्थापित करती है और फिर स्थानीय बल को निगल जाते हैं। जब तक उन्हें (भाजपा) लगा कि पूरा उन्हें (नीतीश कुमार) निचोड़ने की आवश्यकता नहीं है तो उन्हें राज्यसभा में लाकर डाल देंगे।'
रोहिणी ने कहा-आप इसी के हकदार
राजद सुप्रीम लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने एक लंबे पोस्ट में कहा कि 'बार-बार बेवफाई करने वाले नीतीश कुमार जी अपनी बदहाली के लिए आप खुद जिम्मेदार हैं। आपके साथ आज जो हो रहा है आप उसी के हकदार हैं।'
नीतीश कुमार का पोस्ट
बिहार के सीएम ने अपने पोस्ट में कहा, 'पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हू। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।''यह आवाज नीतीश जी की नहीं लगती'
यह मान लेने में शायद ही किसी को संशय/संकोच हो कि यह पोस्ट नीतीश कुमार जी की अपनी आवाज नहीं लगती। शब्दों में एक अजीब-सी पराई गूंज है, जैसे वाक्य कहीं और रचे गए हों और यहां केवल उनका पाठ किया गया हो। इसमें तो साफ-साफ दिल्ली दरबार की कलम की आहट सुनाई देती है। लगता है जैसे विचार देश की राजधानी के किसी शांत, सुव्यवस्थित कक्ष में लिखे गए हों, फिर उन्हें किसी ‘अदृश्य दूत’ ने पटना पहुचा दिया हो और अंततः किसी नियुक्त ‘संरक्षक’ ने समय देखकर उन्हें पोस्ट कर दिया हो।
नीतीश कुमार को चिराग ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) के नेता चिराग पासवान ने राज्यसभा भेजे जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 'माननीय मुख्यमंत्री जी, आपको NDA गठबंधन द्वारा राज्यसभा के लिए नामित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना से संसद के उच्च सदन में देश और समाज के हितों को मजबूती मिलेगी।'
