Delhi Assembly Election 2025: 2020 के दिल्ली दंगों के दोषी ताहिर हुसैन को ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) द्वारा विधानसभा का टिकट दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे एक साजिश बताया है। भाजपा ने कहा कि यह दिल्ली चुनाव को हिंदू-मूस्लिम में बाटकर ध्रुवीकरण करने की एक चाल है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा ने कहा कि एआईएमआईएम ने ताहिर को टिकट देकर हिंदुओं को एक तरह से धमकी भी दी है। उन्होंने ताहिर को टिकट दिए जाने पर आम आदमी पार्टी (AAP) से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
ताहिर हुसैन अभी जेल में बंद है।
चुनाव में ध्रुवीकरण करने की यह साजिश-पात्रा
पात्रा ने कहा कि '2020 में दिल्ली दंगे हुए थे, इसमें बहुत लोगों की जान गई। इसके पीछे ताहिर हुसैन की साजिश थी। इस समय वह सलाखों के पीछे है। उसके खिलाफ केस चल रहा है। दिल्ली चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने उसे टिकट दिया है। यह एक प्रकार का षड्यंत्र है। एक तरह से चुनाव को हिंदू-मुस्लिम लाइन पर पोलराइज करने की साजिश है। यह हिंदुओं के लिए एक धमकी भी है। जिसने लोगों की जान ली, साजिश रची, उसे टिकट देकर आप क्या संदेश देना चाहते हैं? हम इसकी निंदा करते हैं। ताहिर हुसैन जो आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ था। पहले AAP भी उसका बचाव करती थी लेकिन अब मैं पूछना चाहता हूं कि अब उसे टिकट मिलने पर वह क्या सोच रही है।'
ओवैसी ने किया टिकट देने का ऐलान
AIMIM ने ताहिर को मुस्तफाबाद से अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। ताहिर जेल में बंद है। ओवैसी ने एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि ताहिर हुसैन उनकी पार्टी में शामिल हो गए हैं और उन्हें मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से टिकट दिया जा रहा है।
APP ने बाद में पार्टी से निकाल दिया
ताहिर हुसैन पर खुफिया विभाग के अफसर अंकित शर्मा की बर्बरता से हत्या कराने का भी आरोप है। दंगों के दौरान उसके घर से ईंट-पत्थर और पेट्रोल बम फेंके गए थे। उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। एक वीडियो में ताहिर हुसैन रॉड के साथ अपनी छत पर दिखाई दे रहा था। बाद में उसने अपना एक वीडियो जारी करके दावा किया कि दंगों में उसकी कोई भूमिका नहीं है। दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन नेहरू विहार से AAP का पार्षद रहा है। दिल्ली दंगों में ताहिर का नाम आने पर केजरीवाल की पार्टी ने पहले तो उसका बचाव किया लेकिन बाद में उससे पल्ला झाड़ते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया।
