देश

Rajasthan Election: भाजपा ने राजस्थान में बनाई 'चौतरफा रणनीति', जानिए क्या है पूरा प्लान

Rajasthan Vidhan Sabha Chunav 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चौतरफा रणनीति तैयार की है। परिवर्तन यात्रा के जरिए मौजूदा कांग्रेस सरकार को घेरने का प्लान तैयार किया है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।

Image

राजस्थान में परिवर्तन यात्रा के जरिए हुंकार भरेगी भाजपा।

Rajasthan Chunav News: राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधनसभा चुनाव को लेकर भाजपा एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। पहले एमपी और छत्तीसगढ़ में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी है। अब राजस्थान में 'परिवर्तन यात्रा' के जरिए भाजपा ने कांग्रेस को घेरने का प्लान बनाया है। सितंबर के पहले सप्ताह में इस यात्रा के जरिए हुंकार भरने का प्लान है।

परिवर्तन यात्रा के जरिए हुंकार भरेगी भाजपा

एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को 2024 लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। कांग्रेस ने इसकी अहमियत को समझते हुए चुनाव से पहले कार्य समिति की लिस्ट जारी कर दी है। सबसे अहम बात ये है कि इस लिस्ट में सचिन पायलट का नाम भी शामिल है। गहलोत बनाम पायलट की जंग पर ब्रेक लगाने के मकसद से कांग्रेस का ये कदम मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है। भाजपा ने भी राजस्थान के लिए चौतरफा रणनीति तैयार की है। राजस्थान के चार हिस्सों में परिवर्तन रैली की शुरुआत होगी। आपको भाजपा का पूरा प्लान समझना चाहिए।

पहली यात्रा

भारतीय जनता पार्टी आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए परिवर्तन यात्रा की शुरुआत दो सितंबर से कर रही है। सवाई माधोपुर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर से 2 सितंबर को पहली यात्रा शुरू होगी। खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यात्रा को रवाना करेंगे।

दूसरी यात्रा

राजस्थान के चार हिस्सों में भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। दूसरी यात्रा 3 सितम्बर को वैनेश्वर धाम डूंगरपुर से रवाना होगी। इसकी अगुआई प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा यात्रा को रवाना करेंगे।

तीसरी यात्रा

तीसरी यात्रा 4 सितंबर को रामदेवरा जैसलमेर से शुरू होगी। इसकी अगुआई केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। इस यात्रा को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रवाना करेंगे।

चौथी यात्रा

राजस्थान में भाजपा की चौथी यात्रा 5 सितंबर को हनुमानगढ़ के गोगामेडी से शुरू होगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया यात्रा की अगुआई करेंगे और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी यात्रा को रवाना करेंगे। प्रत्येक यात्रा दो-दो संभाग का दौरा करेगी।

भाजपा ने जहां मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ चुनाव की घोषणा से ठीक पहले उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। वहीं राजस्थान में बैक-टूट-बैक लगातार चार परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करके मौजूदा कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को घेरने की कोशिश करेगी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article