BJP Parliamentary Party Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम चुनाव और विधानसभा चुनावों से पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का मनोबल बढ़ाया है। गुरुमंत्र देते हुए उन्होंने सलाह दी है कि वे और मजबूती के साथ लड़ने के लिए तैयार रहें। ऐसा इसलिए, क्योंकि पार्टी जितना मजबूत और सफल होगी, उतने ही विपक्ष की ओर से हमले तेज होंगे। पीएम ने मंगलवार (28 मार्च, 2023) को ये बातें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की संसदीय दल की बैठक के दौरान कहीं।
अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल)
सूत्रों के मुताबिक, पीएम ने कहा- बीजेपी जितना जीत का स्वाद चखेगी और आगे बढ़ेगी, उतना ही दूसरी तरफ (विपक्ष) से हमले बढ़ने लगेंगे। आप लोगों कड़ी लड़ाई के लिए तैयार रहें।
वैसे, पीएम की यह टिप्पणी ऐसे वक्त पर आई है, जब आगे कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं और फिर आम चुनाव। साथ ही विपक्ष के नेता अडानी-हिंडनबर्ग केस को लेकर जेपीसी की मांग कर रहे हैं, जबकि बीजेपी मोदी सरनेम वाले केस में राहुल से माफी की मांग कर चुकी है।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi felicitated by BJP national president JP Nadda at the party's Parliamentary P… t.co/H7DsNsfHAB
— ANI (@ANI) Mar 28, 2023
यह बैठक पीएम की मौजूदगी में संसद भवन परिसर में हुई, जिसमें पार्टी चीफ जेपी नड्डा ने नॉर्थ ईस्ट के विधान सभा चुनावों में हालिया जीत (त्रिपुरा,मेघालय और नागालैंड) के लिए मोदी को माला पहनाया। इस बीच, पार्टी के सभी सांसदों ने ताली बजाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।
वैसे, इससे पहले संसदीय दल की ओर से पीएम का स्वागत करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नॉर्थ ईस्ट के तीनों सूबों की जीत और शानदार बजट के लिए उन्हें बधाई दी। साथ ही सभी सांसदों की तरफ से उनका अभिनंदन किया और आभार व्यक्त किया। मीटिंग के दौरान परिसर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी के अलावा मोदी सरकार के मंत्री व भाजपा के दोनों सदनों के सांसद भी शामिल रहे। (ANI/IANS इनपुट्स के साथ)
