देश

उत्तराखंड दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र; 2027 में किया 'हैट्रिक' का दावा

देहरादून में आयोजित महत्वपूर्ण गोष्ठी को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने धामी सरकार के फैसलों की जमकर तारीफ की। उन्होंने विशेष रूप से 'समान नागरिक संहिता' (UCC) को लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। नवीन ने कहा कि उत्तराखंड ने महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के मामले में पूरे देश को एक नई दिशा दिखाई है।

Image

नितिन नवीन ने धामी मॉडल की जमकर की तारीफ।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर न केवल पूर्ण विश्वास जताया, बल्कि धामी सरकार के कामकाज को राष्ट्रीय स्तर का 'मॉडल' करार दिया है।

UCC और विकास कार्यों की जमकर की सराहना

देहरादून में आयोजित महत्वपूर्ण गोष्ठी को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने धामी सरकार के फैसलों की जमकर तारीफ की। उन्होंने विशेष रूप से 'समान नागरिक संहिता' (UCC) को लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। नवीन ने कहा कि उत्तराखंड ने महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के मामले में पूरे देश को एक नई दिशा दिखाई है। भाजपा अध्यक्ष ने इस दौरान मुख्यमंत्री धामी के साहसिक फैसलों को आने वाले समय के लिए देश का 'रोल मॉडल' बताया।

'बूथ मजबूत, तो 2027 में जीत सुनिश्चित'

अपने दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं संग बैठकें भी की। इन संगठनात्मक बैठकों में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत झोंकनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 'बूथ स्तर' पर सक्रियता बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि गंगा मैया के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड में भाजपा 2027 में तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी।

चारधाम यात्रा और सुशासन की सराहना

नितिन नवीन ने चारधाम यात्रा के सफल प्रबंधन, आधारभूत संरचना के विकास और राज्य में पर्यटन विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जिस तरह से विकास और सुशासन का मॉडल तैयार हो रहा है, उसने जनता के बीच भाजपा के प्रति भरोसे को और अधिक गहरा किया है।

संगठन और सरकार के बीच दिखा तालमेल

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन और सरकार के बीच आपसी सामंजस्य को और मजबूत करने वाला है। तीन दिनों तक चली मैराथन बैठकों में प्रदेश कोर कमेटी, सांसदों, विधायकों से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों तक से संवाद कर उन्होंने चुनावी तैयारियों को धार दी है। इस दौरे के बाद भाजपा खेमे में उत्साह चरम पर है और पार्टी अब पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आ रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article