BJP national convention : भारतीय जनता पार्टी (BJP) का राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार दिल्ली में 17 से 18 फरवरी तक चलेगा। प्रगति मैदान के भारत मंडपम में चलने वाले दो दिन के इस अधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिवेशन में अध्यक्षीय भाषण नड्डा का होगा और कार्यक्रम का समापन पीएम मोदी के संबोधन से होगा। समझा जाता है कि पीएम मोदी यहां किसान आंदोलन के बारे में बोल सकते हैं।
नड्डा के संबोधन से होगी अधिवेशन की शुरुआत
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन से होगा। हालांकि, इस अधिवेशन के एक दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। अधिवेशन के लिए पार्टी के महासचिव, प्रकोष्ठों के समन्वयक, सभी मोर्चा, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और जिला पंचायत के अध्यक्षों को न्योता मिला है।
देश भर से हजारों पदाधिकार जुटेंगे
अधिवेशन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, राष्ट्रीय परिषत कार्यालय के पदाधिकारी, देश भर के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, कलस्टर प्रभारी, लोकसभा समन्वयक, अनुशासन समिति, वित्त समिति, राज्य के मुख्य प्रवक्ता, मीडिया सेल समन्वयक, देश भर के अलग-अलग स्तरों के आईटी सेल के पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे।
चुनावी रणनीति पर होगा गंभीर मंथन
समझा जाता है कि दो दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन में लोकसभा चुनाव 2024 की कैम्पेन रणनीति और चुनावी कार्यक्रम पर गंभीर चर्चा होगी। पीएम मोदी ने भाजपा के लिए 370 सीटों और एनडीए के लिए 400 से ज्यादा सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी चुनाव प्रचार के दौरान किस तरीके से आगे बढ़ेगी और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक कैसे पहुंचाना है, इस बारे में गहन चर्चा की जाएगी। साथ ही भाजपा के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
