BJP in Delhi: दिल्ली विधानसभा चुनावों में जीत के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजयी उम्मीदवारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उपराज्यपाल वी के सक्सेना से शिष्टाचार भेंट की। पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में प्रवेश वर्मा, बिजवासन के विधायक कैलाश गहलोत और गांधी नगर से निर्वाचित अरविंदर सिंह लवली शामिल थे।
उपराज्यपाल के साथ भाजपा विधायकों ने की शिष्टाचार मुलाकात।
उपराज्यपाल के साथ भाजपा विधायकों की शिष्टाचार मुलाकात
प्रवेश वर्मा ने नयी दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल को हराया है। नाम जाहिर नहीं करने का अनुरोध करते हुए भाजपा के एक नेता ने कहा, 'विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उपराज्यपाल के साथ यह शिष्टाचार मुलाकात थी।' भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली के 48 नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों और सात सांसदों के साथ बैठक के लिए समय मांगा है।
सचदेवा ने लिखा, 'मैं, दिल्ली के भाजपा सांसद और हमारे नवनिर्वाचित 48 विधायक आपसे जल्द से जल्द मिलना चाहते हैं। कृपया अपनी सुविधानुसार समय दें।'
भाजपा ने दिल्ली की 70 में से 48 सीटों पर हासिल की जीत
दिल्ली में 26 साल से अधिक समय बाद भाजपा सत्ता में लौटी है। चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं, जबकि आप को 22 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद अगले सप्ताह पार्टी सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।
