देश

कौन बनेगा भाजपा का नया अध्यक्ष, सरकार से होगा या संगठन से? फरवरी में होगा खुलासा

पार्टी सूत्रों ने बताया कि जारी संगठनात्मक चुनाव के तहत पार्टी की आधे से अधिक राज्य इकाइयों में मतदान प्रक्रिया जनवरी के मध्य तक पूरी होने की संभावना है। इस प्रक्रिया के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

Image

जेपी नड्डा

Photo : PTI

BJP New President: भारतीय जनता पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा और ये सरकार से होगा या संगठन से, इस पर सस्पेंस अब तक बना हुआ है। लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि नयाी अध्यक्ष फरवरी के अंत तक पार्टी की कमान संभाल लेगा। भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष जे पी नड्डा का स्थान लेने वाले पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव फरवरी के अंत तक होने की संभावना है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि जारी संगठनात्मक चुनाव के तहत पार्टी की आधे से अधिक राज्य इकाइयों में मतदान प्रक्रिया जनवरी के मध्य तक पूरी होने की संभावना है। इस प्रक्रिया के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

राज्य में 60 प्रतिशत अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त

एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा की राज्य इकाइयों के लगभग 60 प्रतिशत अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और उनके स्थान पर अगले महीने के मध्य तक नए अध्यक्ष चुने जाने की संभावना है। भाजपा के संविधान में यह प्रावधान है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कम से कम आधी राज्य इकाइयों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो जाने चाहिए। पदाधिकारी ने कहा, हमें उम्मीद है कि नया भाजपा अध्यक्ष फरवरी के अंत तक कार्यभार संभाल लेगा।

नया अध्यक्ष सरकार या संगठन से?

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा का नया अध्यक्ष कोई ऐसा व्यक्ति हो सकता है जो वर्तमान में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य कर रहा हो, उन्होंने कहा कि वह सरकार या संगठन, किसी से हो सकता है और अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री थी हैं। संयोग से उन्होंने भी 2020 में फरवरी में ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था।

पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है लेकिन 2024 में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नड्डा के कार्यकाल को विस्तार दिया गया था। इस चुनाव के बाद भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने सत्ता में वापसी की।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article