देश

'दिल्ली की CM ने अपना 'सरनेम' बदल डाला', प्रियंका गांधी के बाद आतिशी पर भी रमेश बिधुड़ी के बिगड़े बोल

Delhi Chunav 2025: कालकाजी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी की रविवार को उस टिप्पणी के लिए आलोचना हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेता 'प्रियंका गांधी के गालों' जैसी सड़कें बनवाएंगे। कांग्रेस ने "महिलाओं का अपमान" करने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की।

Image

दिल्ली की सीएम पर भाजपा नेता बिधूड़ी की अमर्यादित टिप्पणी।

Delhi Chunav 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रमेश बिधूड़ी अपने बयानों से भारी विवाद खड़ा कर चुके हैं। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के बारे में दिए गए उनके बयान पर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उन पर हमलावर है। अभी यह विवाद शांत भी नहीं हुआ है कि बिधूड़ी ने दिल्ली की सीएम आतिशी के बारे में विवादास्पद बयान दे दिया। दिल्ली के रोहणी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता आतिशी के 'सरनेम' में हुए बदलाव का मुद्दा उठाया। आतिशी पर निजी हमला करते हुए बिधूड़ी ने कथित रूप से कहा कि 'आतिशी जो कि मारलेना थीं, अब वह सिंह बन गई हैं। यहां तक कि उन्होंने अपने पिता को बदल दिया। यह आम आदमी के चरित्र को दर्शाता है।'

बता दें कि आतिशी का 'सरनेम' 2019 के लोकसभा चुनाव के समय भी सुर्खियों में रहा। आतिशी ने पूर्वी लोकसभा से चुनाव लड़ा था।

AAP ने किया पलटवार

इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा नेता पर हमला बोला। AAP की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि भाजपा के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें लांघ दी हैं। आप की प्रवक्ता नेहा कक्कड़ ने कहा कि बीजेपी के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। बीजेपी के नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जी को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी। दिल्ली की सभी महिलाएं इसका बदला लेंगी।

प्रियंका गांधी पर दिया विवादित बयान

इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी के कालकाजी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी की रविवार को उस टिप्पणी के लिए आलोचना हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेता 'प्रियंका गांधी के गालों' जैसी सड़कें बनवाएंगे। कांग्रेस ने "महिलाओं का अपमान" करने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की, जबकि बिधूड़ी की पार्टी के कुछ नेताओं ने बयान पर अपनी असहमति जताई। बिधूड़ी पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। वह शुरू में अपनी बात पर कायम रहे और उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद की अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद हेमा मालिनी पर की गई इसी तरह की टिप्पणी की ओर इशारा किया।

बयान पर दी सफाई

हालांकि, बाद में उन्होंने ‘एक्स’ पर एक संदेश पोस्ट किया जिसमें उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा यदि उनकी टिप्पणियों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह खेद प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए उनकी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बिधूड़ी को कथित रूप से यह कहते सुना जा सकता है, 'लालू ने बिहार में कहा था कि वह हेमा मालिनी के गालों जैसी सड़कें बनाएंगे, लेकिन उन्होंने झूठ बोला, वह ऐसा नहीं कर सके।' उन्होंने कहा '...(लेकिन) मैं आपको आश्वासन देता हूं कि जैसे हमने ओखला और संगम विहार में सड़कें बनाईं, वैसे ही हम कालकाजी की सभी सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसी बना देंगे।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article