अभी एक दिन पहले दिल्ली के सीएम और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल असम गए थे। वहां उन्होंने अपनी सरकार का जमकर बखान किया था और भाजपा की सरकार पर जमकर हमला किया था। केजरीवाल ने इस दौरान नौकरियों को लेकर बड़ा दावा किया था, जिसपर अब बीजेपी की तरफ से जवाब है। बीजेपी ने दावा किया है दिल्ली में आप सरकार ने सिर्फ 440 नौकरियां दी हैं। केजरीवाल नौकरियों के मामले पर झूठ बोल रहे हैं।
क्या बोले भाजपा नेता
भाजपा नेताओं ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि एक आरटीआई के जवाब के अनुसार, 2015 के बाद से दिल्ली में केवल 440 नौकरियां दी गईं हैं। जबकि केजरीवाल दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार ने 12 लाख नौकरियां दी हैं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा- "केजरीवाल देश के सबसे बड़े झूठे और सबसे भ्रष्ट और बेईमान मुख्यमंत्री हैं। यह सुनने में अच्छा लगता है कि 12 लाख नौकरियां दी गई हैं, लेकिन यह एक झूठा दावा है। एक आरटीआई जवाब से यह साबित हुआ है।"
केजरीवाल ने क्या दावा किया था
रविवार को अपनी असम यात्रा के दौरान, केजरीवाल ने पूर्वोत्तर राज्य में आप के सत्ता में आने पर सभी बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। तब उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी ने सात साल में दिल्ली में 12 लाख और पंजाब में एक साल में 28,000 लोगों को रोजगार दिया है। .
बीजेपी ने क्या दावा किया
बीजेपी विधायक अजय महावर ने कहा कि दिल्ली में आप सरकार द्वारा 2015 से 2023 तक 440 नौकरियां दी गईं, 2015 में 176, 2016 में 102, 2017 में 66, 2018 में 68 और 2020 में 28 नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार 2019, 2021, 2022 और 2023 में एक भी नौकरी देने में विफल रही।
