देश

BJP ने राहुल पर किया पलटवार, कहा- नकली गांधी परिवार 'चोर', मोदी गंगाजल की तरह पवित्र

गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ "चौकीदार चोर है" अभियान चलाया था, लेकिन जनता ने राहुल गांधी की पार्टी को करारी शिकस्त दी और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को गलत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी थी।

Image

राहुल गांधी पर बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया का हमला (PTI)

BJP Hits Back At Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गंगाजल की तरह पवित्र बताया और 'गुजरात मॉडल' की आलोचना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार सबसे भ्रष्ट और चोर परिवार है। राहुल गांधी ने बिहार में जनसभा के दौरान आरोप लगाया कि मोदी के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने जिस गुजरात मॉडल को विकास का नमूना बताया वह वोट चोरी का मॉडल है। राहुल गांधी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने उनपर तीखा हमला बोला।

भाटिया बोले, नकली गांधी परिवार सबसे भ्रष्ट और चोर

भाटिया ने आरोप लगाया, अगर कोई परिवार सबसे भ्रष्ट और चोर है तो वह नकली गांधी परिवार है। सोनिया गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उनके "चौकीदार चोर है" नारे का किस तरह उल्टा असर हुआ था। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी गंगाजल की तरह पवित्र हैं और जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर उनकी सभाओं में प्रधानमंत्री के खिलाफ निराधार आरोप लगाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

कहा- राहुल को उल्टा पड़ा था 'चौकीदार चोर है'

भाटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ "चौकीदार चोर है" अभियान चलाया था, लेकिन जनता ने राहुल गांधी की पार्टी को करारी शिकस्त दी और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को गलत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी थी। गांधी परिवार भ्रष्ट और झूठा है। भाटिया ने पत्रकारों से बात करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता पर आरोप लगाया कि वह संवैधानिक पदों पर आसीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे लोगों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही, बिहार में कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ अपने अभियान में ऐसे नेताओं को शामिल कर रहे हैं, जिन्होंने पहले राज्य के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

बिहार के लोगों का अपमान करने वालों को बुलाया गया

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. के. स्टालिन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जैसे नेता, जिन्होंने बिहार के लोगों का अपमान किया है, उन्हें राहुल गांधी अपने कार्यक्रम में स्टार प्रचारक बना रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस इन नेताओं को सम्मान दे रही है, लेकिन बिहार के लोग अक्टूबर-नवंबर में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देंगे। भाटिया ने कहा कि भाजपा बिहार का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मामले में बड़ा अभियान चलाएगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article