'झूठ और लूट' की नीति पर चल रही सरकार; अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए ये 3 गंभीर आरोप

Uttar Pradesh Politics: अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार 'झूठ और लूट' की नीति पर चल रही। सपा सुप्रीमो ने ये भी दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को भारी निवेश और लाखों नौकरियों के सपने दिखाये।

Akhilesh Yadav Slams BJP: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘'झूठ और लूट'’ की नीति पर सरकार चलाने का आरोप लगाया। यादव ने यहां एक बयान में भाजपा पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा, 'भाजपा झूठी पार्टी है। भाजपा की सरकार झूठ और लूट की नीति पर चल रही है। झूठे वादे और हर विभाग, हर योजना में लूट करना ही इनका काम है।'

Akhilesh Yadav

अखिलेश यादव।

भाजपा पर लगाया झूठ बोलकर हर वर्ग और जनता को ठगने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश सरकारों ने झूठ बोलकर हर वर्ग और जनता को ठगने का काम किया। किसानों, नौजवानों, छात्रों, व्यापारियों से झूठे वादे किए। कोई भी वादा पूरा नहीं किया। अब फिर उत्तर प्रदेश की जनता को नए-नए झूठे सपने दिखाना शुरू कर दिए गये हैं। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते 10 साल में भी किसानों की आय दोगुनी नही हुई। उलटे उनकी आय दिनों दिन घटती जा रही है।' पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों को उनकी फसलों का लागत मूल्य नहीं मिल रहा है और गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर बकाया बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार लगातार किसान विरोधी कार्य कर रही है और इस वर्ष अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं हुई।

End of Feed