Kolkata Incident: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ तक मार्च में भाग लेने वालों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में 28 अगस्त को पश्चिम बंगाल में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। पुलिस ने ‘नबान्न’ की ओर बढ़ रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।
क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?
प्रदर्शनकारी इस महीने की शुरुआत में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और उसकी हत्या के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
'बर्बर व्यवहार कर रही पुलिस'
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘‘हमें आम हड़ताल का आह्वान करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, क्योंकि यह निरंकुश शासन लोगों की आवाज को अनसुना कर रहा है, जो मृत डॉक्टर बहन के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। न्याय के बजाय, ममता बनर्जी की पुलिस राज्य के शांतिप्रिय लोगों के साथ बर्बर व्यवहार कर रही है, जो केवल महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल चाहते हैं।’’
(इनपुट: भाषा)
