West Bengal Teacher Scam: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को घेरने के लिए शिक्षक भर्ती घोटाले के रूप में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक बड़ा मुद्दा मिल गया है। मामले में सुप्रीम कोर्ट की ममता सरकार पर तल्ख टिप्पणी और 25 हजार शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति अवैध ठहराए जाने के बाद भाजपा काफी हमलावर है। शुक्रवार को भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने ममता बनर्जी को सीधे निशाने पर लिया और इस शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेता ने कहा कि कानून के तहत जवाबदेही तय की जाएगी और पश्चिम बंगाल की सत्ता में भाजपा के आने पर ममता बनर्जी को कानूनी चुनौतियों का सामना करना होगा।
शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में घिरीं ममता बनर्जी।
25 हजार शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द
पात्रा ने कहा, 'दीदी जेल जाएंगी। हिंदुस्तान में कानून का शासन है। बंगाल में जिस दिन भाजपा की सरकार बनेगी तो कानून की पूरी ताकत के साथ ममता बनर्जी का सामना होगा।' बता दें कि शिक्षक भर्ती में अनियमितताओं का हवाला देकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 25 हजार से ज्यादा शिक्षकों एवं की नियुक्तियों को रद्द करने वाले कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराया। साथ ही ममता सरकार पर तीखी टिप्पणी की। हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ ममता सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पात्रा ने आरोप लगाया कि ममता प्रशासन ने भ्रष्टाचार को संस्थागत कर दिया है और घोटालों की जांच को सामने आने नहीं दिया है।
भाजपा-माकपा ने रची साजिश-ममता
ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करती हैं, लेकिन सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नियुक्तियों को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले से ‘मानवीय आधार पर’असहमत हैं। बनर्जी ने विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा कि वह प्रभावित उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए गिरफ्तार होने को तैयार हैं। बनर्जी ने भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘षड्यंत्र रचने और फैसले को प्रभावित करने’ का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार शीर्ष अदालत के फैसले का पालन करेगी, साथ ही वह सभी संभावित कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेगी।
