देश

'दीदी जेल जाएंगी' , पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले पर संबित पात्रा का CM ममता बनर्जी पर बड़ा हमला

West Bengal Teacher Scam: शुक्रवार को भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने ममता बनर्जी को सीधे निशाने पर लिया और इस शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेता ने कहा कि कानून के तहत जवाबदेही तय की जाएगी और पश्चिम बंगाल की सत्ता में भाजपा के आने पर ममता बनर्जी को कानूनी चुनौतियों का सामना करना होगा।

Image

शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में घिरीं ममता बनर्जी।

West Bengal Teacher Scam: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को घेरने के लिए शिक्षक भर्ती घोटाले के रूप में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक बड़ा मुद्दा मिल गया है। मामले में सुप्रीम कोर्ट की ममता सरकार पर तल्ख टिप्पणी और 25 हजार शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति अवैध ठहराए जाने के बाद भाजपा काफी हमलावर है। शुक्रवार को भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने ममता बनर्जी को सीधे निशाने पर लिया और इस शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेता ने कहा कि कानून के तहत जवाबदेही तय की जाएगी और पश्चिम बंगाल की सत्ता में भाजपा के आने पर ममता बनर्जी को कानूनी चुनौतियों का सामना करना होगा।

25 हजार शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द

पात्रा ने कहा, 'दीदी जेल जाएंगी। हिंदुस्तान में कानून का शासन है। बंगाल में जिस दिन भाजपा की सरकार बनेगी तो कानून की पूरी ताकत के साथ ममता बनर्जी का सामना होगा।' बता दें कि शिक्षक भर्ती में अनियमितताओं का हवाला देकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 25 हजार से ज्यादा शिक्षकों एवं की नियुक्तियों को रद्द करने वाले कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराया। साथ ही ममता सरकार पर तीखी टिप्पणी की। हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ ममता सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पात्रा ने आरोप लगाया कि ममता प्रशासन ने भ्रष्टाचार को संस्थागत कर दिया है और घोटालों की जांच को सामने आने नहीं दिया है।

भाजपा-माकपा ने रची साजिश-ममता

ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करती हैं, लेकिन सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नियुक्तियों को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले से ‘मानवीय आधार पर’असहमत हैं। बनर्जी ने विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा कि वह प्रभावित उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए गिरफ्तार होने को तैयार हैं। बनर्जी ने भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘षड्यंत्र रचने और फैसले को प्रभावित करने’ का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार शीर्ष अदालत के फैसले का पालन करेगी, साथ ही वह सभी संभावित कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेगी।

'चाहें तो आप मुझे जेल भेज दें'

बनर्जी ने राज्य सचिवालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं न्यायपालिका और न्यायाधीशों का बहुत सम्मान करती हूं, लेकिन मानवीय दृष्टिकोण से मैं इस फैसले को स्वीकार नहीं कर सकती। इस देश की नागरिक होने के नाते मुझे अपनी राय व्यक्त करने का पूरा अधिकार है। मैं न्यायाधीश और न्यायपालिका का सम्मान करती हूं, लेकिन मैं फैसले से असहमत हूं।’ मुख्यमंत्री ने सवाल किया, ‘एक व्यक्ति के अपराध के कारण सभी को सजा कैसे मिल सकती है?’बनर्जी ने बर्खास्त शिक्षकों के समर्थन के लिए भाजपा द्वारा उन्हें निशाना बनाए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘हमारे वकील इस मामले की समीक्षा करेंगे। अगर भाजपा मुझे उनका समर्थन करने के लिए जेल भेजना चाहती है, तो भेज सकती है। अगर आप चाहें तो मुझे पकड़ लें।’
Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article