देश

प्रियंका गांधी ने हलफनामे में संपत्ति का नहीं दिया पूरा ब्यौरा, बीजेपी ने लगाया बड़ा आरोप

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश का उल्लंघन कर रही हैं जिसमें उम्मीदवारों को अपनी, अपने जीवनसाथी और आश्रितों की संपत्ति का पूर्ण विवरण देने को कहा गया है।

Image

गौरव भाटिया

Photo : ANI

Priyanka Gandhi Vadra: भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल में वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ने के लिए हलफनामे में संपत्ति का पूरा विवरण नहीं दिया है। बीजेपी ने कहा कि प्रियंका वाड्रा ने अपनी और अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्तियों के बारे में आवश्यक जानकारी नहीं दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश का उल्लंघन कर रही हैं जिसमें उम्मीदवारों को अपनी, अपने जीवनसाथी और आश्रितों की संपत्ति का पूर्ण विवरण देने को कहा गया है।

गांधी परिवार कानून से ऊपर नहीं

गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा, सुप्रीम कोर्ट का आदेश सभी नागरिकों के लिए बाध्यकारी है। गांधी परिवार कानून से ऊपर नहीं है। इसका केवल एक ही परिणाम हो सकता है। अगर कोई हलफनामे में गलत जानकारी देता है, तो उसे चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है। चुनाव अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की तारीख 28 अक्टूबर है और बीजेपी इस दौरान कांग्रेस महासचिव पर उनके हलफनामे को लेकर निशाना साध रही है।

एसोसिएटेड जर्नल्स में शेयरों का मामला

गांधी परिवार द्वारा ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र की संपत्ति कथित तौर पर हड़पने के मामले का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि प्रियंका गांधी के हलफनामे में कुछ ट्रस्ट के माध्यम से एसोसिएटेड जर्नल्स में उनके शेयरों के स्वामित्व का कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक जानकारी का खुलासा नहीं करने के बराबर है। उन्होंने कहा कि हलफनामे में प्रियंका की तीन कंपनियों का जिक्र है, जबकि दो अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी को छोड़ दिया गया है। भाजपा नेता ने कहा कि उनका आरोप अकाट्य दस्तावेज पर आधारित है।

उन्होंने प्रियंका गांधी से आरोपों का जवाब देने और मुद्दे पर अपने रुख से लोगों को अवगत कराने को कहा। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस को कानून का पालन करना होगा अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान का पालन करते हुए सभी आवश्यक और प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार को लगता है कि वह कानून की अनदेखी कर लोगों को बेवकूफ बना सकता है। उन्होंने कहा कि किसी को भी ऐसा भ्रम नहीं पालना चाहिए। वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव 13 नवंबर को होना है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article