देश

Bihar Politics: कांग्रेस MLA बोलीं, 'लोकसभा टिकट मिले तो छोड़ दूंगी पार्टी', एक और RJD विधायक ने बदला पाला

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 1, 2024, 11:10 PM IST

Lok Sabha Chunav: RJD के एक और विधायक ने पाला बदल लिया। बिहार विधानसभा के अंदर विधायक भरत बिंद NDA के सदस्यों के साथ बैठे हुए दिखाई दिये। वहीं कांग्रेस की एक विधायक ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी उन्हें लोकसभा का टिकट देती है तो वह सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हो जाएंगी।

Image

बिहार में कांग्रेस और आरजेडी को झटका!

Photo : Times Now Digital

Bihar Political Drama: बिहार की सियासत में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। इन दिनों कई विधायक और नेता पलटी मारने के लिए मशहूर नीतीश कुमार की ही राह पर चल रहे हैं। लालू यादव की पार्टी राजद से एक और विधायक ने पाला बदल लिया। वहीं कांग्रेस की एक विधायक ने कहा है कि 'लोकसभा टिकट मिले तो पार्टी छोड़ दूंगी।'

लालू की आरजेडी को लगा एक और झटका!

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भरत बिंद शुक्रवार को बिहार विधानसभा के अंदर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्यों के साथ बैठे हुए दिखाई दिये। वहीं कांग्रेस की एक विधायक ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी उन्हें लोकसभा का टिकट देती है तो वह सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हो जाएंगी। बिंद एक महीने से भी कम समय में पाला बदलने वाले पांचवें विधायक बन गए हैं।

सम्राट चौधरी के साथ विधानसभा पहुंचे भरत बिंद

कैमूर जिले के भभुआ का प्रतिनिधित्व करने वाले भरत बिंद दोपहर के भोजन के बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ विधानसभा परिसर पहुंचे। सम्राट चौधरी, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी हैं। बिंद ने मुरारी गौतम के साथ सदन में प्रवेश किया और दोनों एक साथ बैठे। गौतम कुछ दिन पहले कांग्रेस का हाथ छोड़कर सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हुए थे और राज्य सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं।

कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी ने भाजपा को दिया ऑफर!

नवादा के हिसुआ से मौजूदा कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी कई दिनों तक अनुपस्थित रहने के बाद विधानसभा पहुंचीं। पार्टी नेतृत्व से नाखुश होने की अटकलों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'मैं नवादा से लोकसभा टिकट चाहती हूं। अगर कांग्रेस मुझे मैदान में उतारती है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। अगर ऐसा नहीं होता और भाजपा मुझे टिकट देती है तो मैं उस पार्टी में शामिल हो जाऊंगी।'

बजट सत्र के अंतिम दिन यह घटनाक्रम हुआ। इससे पहले राजद विधायक चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्लाद यादव सत्ता पक्ष में चले गए थे। हालिया दलबदल के बाद, 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग को 135 विधायकों का समर्थन हासिल है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article