Nitish Kumar With BJP: बिहार की सियासत में शह और मात का खेल जारी है। इस बीच ये बड़ी जानकारी सामने आई है कि NDA के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार शपथ ले सकते हैं। भाजपा और जेडीयू के बीच सभी मसलों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो भाजपा को ओर से दो उपमुख्यमंत्री होंगे, दोनों नए और यंग चेहरे होंगे। वहीं महागठबंधन की सरकार से इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार की कैबिनेट में बड़ा फैसला हुआ है।
सरकार ने अधिकारियों को दिया बड़ा निर्देश
नीतीश कैबिनेट में राष्ट्रीय जनता दल के कोटे से बने मंत्री का कोई भी आदेश तत्काल ना भेजा जाए। इस मामले में सरकार ने सभी बड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय जनता दल के कोटे से जो नीतीश कैबिनेट में मंत्री हैं उनके फाइल पर किसी भी तरह का कोई आदेश ना हो और ना ही आदेश निर्गत हो।
पुराने फार्मूले पर गठित होगा NDA मंत्रिमंडल
भाजपा और नीतीश के बीच सभी विषयों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। लोकसभा चुनाव में दोनो दलों के बीच का फार्मूला भी तय हो चुका है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि नई सरकार में दो डिप्टी सीएम होंगे और पुराने फार्मूले पर ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े आज पटना पहुंच रहे हैं। बीजेपी ने शाम 4 बजे अहम बैठक बुलाई है।
लालू आवास पर देर रात तक चली बैठक
सूत्रों का दावा है कि तेजस्वी यादव ने शुक्रवार की शाम मीटिंग में अपने विधायकों को एकजुट रहने के लिए कहा। उन्होंने साफ कर दिया कि इतनी आसानी से सब कुछ नहीं करने देंगे। राजद के विधायकों की लालू आवास पर देर रात तक मीटिंग चली। राजद नेताओं के साथ बैठक में तेजस्वी ने नेताओं को संदेश दिया कि केंद्र में बैठे कुछ मंत्री यह सब करवा रहे हैं, लेकिन इस बार तख्ता पलट इतना आसान नहीं है।
नीतीश कुमार आज नहीं देंगे इस्तीफा
मुख्यमंत्री आवास में जदयू विधायकों, सांसदों और पार्टी नेताओं के साथ नीतीश कुमार बैठक करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार माना जा रहा है कि रविवार को दोपहर 12 बजे तक नीतीश इस्तीफा दे सकते हैं। कल ही शाम 4 बजे राजभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है। कहा ये भी जा रहा है कि आज रात तक भाजपा का समर्थन पत्र मुख्यमंत्री आवास पर पहुंच जाएगा। भाजपा आज अपने विधायक दल की बैठक में अपने विधायकों से समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर कराएगी।
इधर आज नीतीश कुमार ने अपने करीबी और विश्वासपात्र नेताओं की बैठक मुख्यमंत्री आवास बुलाई है। जिसमें अशोक चौधरी, विजय चौधरी, संजय झा जैसे नेता सीएम आवास पहुचेंगे। बिहार की महागठबंधन सरकार में सबकुछ ठीक नहीं है, इसके संकेत एक पोस्टर से मिल गए। नीतीश के बक्सर के कार्यक्रम में तेजस्वी की तस्वीर गायब है।
