देश

विधायक के 'अपहरण' की शिकायत पर देर रात तेजस्वी यादव के घर पहुंची पुलिस, RJD समर्थक भड़के

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 12, 2024, 08:20 AM IST

पुलिस तेजस्वी यादव के आलीशान बंगले पर पहुंची जिसके बाद ये इलाका एक किला बन गया। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात देख राजद समर्थक भड़क गए।

Image

तेजस्वी यादव

Bihar Politics: बिहार में शक्ति परीक्षण से कुछ घंटे पहले रविवार देर रात पुलिस बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव के आवास पर कुछ देर के लिए पहुंची। विधायकों के 'अपहरण' की शिकायत पर पुलिस के दौरे को लेकर राजद समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाए। दरअसल, राजद विधायक चेतन आनंद को लेकर पटना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें दावा किया गया है कि उन्हें अगवा कर तेजस्वी यादव के आवास पर रखा गया है।

चेतन आनंद ने कहा, अपनी मर्जी से आया हूं

जब पुलिस बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री के घर पहुंची, तो चेतन आनंद ने उन्हें बताया कि वह अपनी मर्जी से यहां पर आए हैं। चेतन आनंद ने पुलिस को बताया कीिवो अपनी से आए हैं और उनपर कोई दबाव नहीं है। बयान दर्ज कर पुलिस तेजस्वी के आवास से निकल गई। उसके बाद दोबारा पुलिस देर रात तेजस्वी के आवास में गई और चेतन आनंद को गाड़ी में बिठाकर बाहर निकल गई।

जैसे ही पुलिस तेजस्वी यादव के आलीशान बंगले पर पहुंची, ये इलाका एक किला बन गया। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात देख राजद समर्थक भड़क गए और तेजस्वी के आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। बताया गया कि छोटे भाई चेतन आनंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि फ्लोर टेस्ट से पहले तेजस्वी यादव ने उन्हें घर में नजरबंद कर लिया है। चेतन आनंद पूर्व सांसद और गैंगस्टर-राजनेता आनंद मोहन के बेटे हैं।

आरजेडी ने किया पलटवार

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, राजद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फ्लोर टेस्ट में अपनी हार के डर से तेजस्वी यादव के आवास पर पुलिस भेजी। पार्टी ने ट्विटर पर लिखा, वे आवास के अंदर घुसकर विधायकों के साथ अनहोनी घटना करना चाहते हैं। बिहार की जनता नीतीश कुमार और पुलिस की करतूतों को देख रही है। याद रखें, हम डरने और झुकने वालों में से नहीं हैं। यह विचारधारा का संघर्ष है और हम इसे लड़ेंगे और जीतेंगे क्योंकि बिहार की न्यायप्रिय जनता इस पुलिसिया दमन का विरोध करेगी। जय बिहार! जय हिंद!।

बीजेपी का आरजेडी-कांग्रेस पर निशाना

इसके जवाब में बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने राजद और कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि एनडीए सरकार विधानसभा में बहुमत साबित करेगी। उन्होंने कहा, अगर आप (तेजस्वी यादव) विधायकों का अपहरण करेंगे और किसी विधायक का रिश्तेदार शिकायत दर्ज कराएगा तो पुलिस जरूर आएगी। अगर आप किसी विधायक को अपने घर में बांध कर रखेंगे तो पुलिस जरूर कार्रवाई करेगी। इसलिए पुलिस अपना काम कर रही है। राजद और कांग्रेस केवल भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेडी (यू) और बीजेपी मिलकर विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। कोई भी विधायक पहुंच से बाहर नहीं है और हर कोई हमारे संपर्क में है। केवल भ्रम फैलाया जा रहा है। एनडीए के सभी विधायक एक साथ हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article