Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े बिहार में सियासी पारा चढ़ने लगा है। बीजेपी और महागठबंधन की अगुवाई कर रही राजद के नेताओं के बीच जुबानी जंग चल रही है। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव राज्य में अशांति फैलाने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
विजय सिन्हा ने कहा, “जिन्होंने बिहार को पलायन और बर्बादी की ओर धकेला, वे अब अपने अंतिम चरण में हैं। धृतराष्ट्र की तरह अपने बेटों के मोह में अंधे होकर वे फिर से बिहार को अस्थिर करना चाहते हैं, लेकिन अब बिहार के लोग यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।" हाल ही लालू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि मोदी जी वोट तो बिहार से चाहते हैं, लेकिन फैक्ट्री गुजरात में लगाते हैं। वहीं, उन्होंने कहा था कि गुजरातियों को बिहारियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
बिहार झूठे वादों में नहीं फंसने वाला: तेजस्वी यादव
विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार अब शांति, समृद्धि और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता से बिहार का सपना पूरा होगा। इधर, राजद नेता और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार की असली समस्या गरीबी, बेरोजगारी, अपराध, पलायन और खराब शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था है। “मोदी जी! बिहार झूठे वादों में नहीं फंसने वाला। लोग मजदूरी करने के लिए नहीं बने हैं।”
बीड़ी को लेकर राज्य में छिड़ा सियासी विवाद
इससे पहले विवाद बिहार कांग्रेस इकाई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिस पर बवाल मचा हुआ है। दरअसल, कांग्रेस के पोस्ट में बिहार की तुलना बीड़ी से की गई थी। इस पर भाजपा और जदयू नेताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इसे बिहारी जनता का अपमान बताया, वहीं जदयू नेताओं ने तेजस्वी यादव से भी इस पर प्रतिक्रिया मांगी।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) अक्टूबर-नवंबर में संभावित हैं। वर्तमान विधानसभा (243 सीटों) में एनडीए के पास 131 विधायक हैं, जबकि इंडिया गठबंधन के पास 111 सदस्य हैं। एनडीए जहां सत्ता बचाने की कोशिश में है, वहीं इंडिया गठबंधन नीतीश सरकार को उखाड़ने की रणनीति बना रहा है।
