बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राजभवन में जलपान समारोह में शामिल हुए, लेकिन राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव इसमें नहीं आये। जबकि राजद नेता और कैबिनेट मंत्री आलोक मेहता कार्यक्रम में मौजूद थे। यह घटनाक्रम इन अटकलों की पृष्ठभूमि में आया है कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष कुमार, महागठबंधन का साथ छोड़ सकते हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी कर सकते हैं।
राजभवन के जलपान समारोह में शामिल हुए नीतीश कुमार
राजभवन में एट होम समारोह विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों के लिए एक साथ आने और संबंधों को मजबूत करने, एकता और सहयोग का जश्न मनाने का अवसर है। इससे पहले दिन में, नीतीश कुमार ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना में अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वर्तमान में, बिहार में सत्तारूढ़ जदयू-राजद-कांग्रेस गठबंधन इन अटकलों के बीच टूटने की कगार पर है कि नीतीश कुमार फिर से राजग में शामिल हो सकते हैं।
उपेन्द्र कुशवाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना
राष्ट्रीय लोक जनता दल (आरएलजेडी) के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर नीतीश सत्तारूढ़ महागठबंधन छोड़ भी देते हैं, तो इसकी क्या गारंटी है कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ बने रहेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री के पूर्व सहयोगी ने एएनआई को बताया कि यह सच है कि कुमार अपना मौजूदा गठबंधन छोड़ने पर विचार कर रहे हैं।
