देश

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: अनुभवी के साथ युवाओं को भी मौका, राहुल गांधी और प्रियंका की टीम भी तैनात

Congress Reshuffle: कांग्रेस ने AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों की घोषणा की है। इस लिस्ट में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है। कई उन चेहरों को शामिल किया गया है जो भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ देखे गए थे। वहीं, यूपी में प्रियंका गांधी की टीम को रिपीट किया गया है।

Image

कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल।

Photo : BCCL

Congress Reshuffle: लंबे इंतज़ार के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी ने AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने 75 सचिवों और संयुक्त सचिवों की सूची जारी की है। इसमें मई 2022 में आयोजित पार्टी के 'उदयपुर चिंतन शिविर' की झलक है,जिसमें '50 अंडर 50 वर्ष' का वादा किया गया था। इसी तर्ज पर इस लिस्ट में अनुभवी नेताओं से साथ कई नए चेहरों को शामिल किया गया है। महिलाओं की भी भागीदारी इसमें सुनिश्चित की गई है, 75 सचिवों की इस लिस्ट में 12 महिलाओं को भी शामिल किया गया है।

SC-ST और OBC की भागीदारी को बढ़ाने पर दिया ज़ोर

कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने उदयपुर नव संकल्प शिविर के प्रस्ताव को लागू करने और नई सूची में एससी, एसटी और ओबीसी को प्रतिनिधित्व देने के पर ज़्यादा ज़ोर दिया था। नई टीम में 60% से अधिक प्रतिनिधित्व ST-SC और OBC को दिया गया है। पिछले एक साल से, राहुल गांधी और खड़गे सरकार के पदों में एससी, एसटी और ओबीसी के प्रतिनिधित्व के लिए लगातार जोर दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में जाति आधारित जनगणना की भी मांग कर रही है।

अनुभवी और युवा चेहरों का मिश्रण

AICC सचिवों के इस जंबो लिस्ट को कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की मंज़ूरी के बाद जारी किया गया है। इसमे कई सचिवों को पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, कई नये चेहरों को भी शामिल किया गया है। नए चेहरों में वो युवा नेता भी हैं, जिन्हें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के इर्द-गिर्द देखा गया था। कांग्रेस ने पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेट्टा डी'सूजा, एनएसयूआई के पूर्व प्रमुख नीरज कुंदन और नवीन शर्मा को संगठन सचिव के रूप में नियुक्त किया है। ये सभी पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ काम करेंगे। वहीं, शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव को गुजरात का सचिव, दिव्या मदेरणा को जम्मू-कश्मीर का सचिव और ज़रिता लैइतफलांग को छत्तीसगढ़ का सचिव नियुक्त किया गया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दामाद चिरंजीव राव, जो वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव के बेटे और वर्तमान में हरियाणा में विधायक हैं, को राजस्थान का सचिव नियुक्त किया गया है। हरियाणा चुनावी राज्य में मनोज चौहान को सचिव बनाकर भेजा गया है।

यूपी में प्रियंका गांधी की टीम फिर रिपीट

प्रियंका गांधी जब उत्तर प्रदेश महासचिव थी तो उनके साथ जो सचिव नियुक्त किए गये थे,उन्हीं को रिपीट किया गया है। प्रदीप नरवाल और धीरज गुर्जर, जिन्हें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का करीबी माना जाता है। राहुल गांधी के करीबी मनीष यादव को जम्मू-कश्मीर और सूरज हेगड़े को तमिलनाडु में सचिव नियुक्त किया गया है। 2022 के चिंतन शिविर के दौरान, राहुल गांधी ने कहा था, कांग्रेस पार्टी में बड़े बदलाव की ज़रूरत है,और ये बदलाव संगठन के स्तर से लेकर कामकाज की तरीक़े पर भी लागू होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article