Assam Cabinet Expansion: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य मंत्रिपरिषद के विस्तार की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि असम मंत्रिमंडल में नए कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण 5 जून 2026 को दोपहर 12:45 बजे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कुल 12 मंत्री शपथ लेगें। इससे पहले 4 मई को हुई मतगणना में एनडीए ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी। इसके बाद 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में हिमंत बिस्व सरमा ने दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (फाइल फोटो: PTI)
कौन-कौन लेगा कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ?
इस अवसर पर असम विधानसभा के कई सदस्य कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे-
- अश्विनी राय सरकार
- अशोक सिंघल
- बिमल बोरा
- बिस्वजीत दैमारी
- जयंत मल्लाबरुआ
- कौशिक राय
- केशव महंत
- कृष्णेंदु पॉल
- नीलिमा देवी
- पीयूष हजारिका
- रनोज पेगु
- सुसंता बोरगोहेन
इन्होंने ली थी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ
बता दें कि मुख्यमंत्री सरमा के साथ रामेश्वर तेली, अजंता नेओग, अतुल बोरा और चरण बोरो ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली थी। असम के राजनीतिक गलियारों में पिछले कई हफ्तों से कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। माना यह भी जा रहा था कि इस विस्तार के जरिए मंत्रिपरिषद में खाली पदों को भरा जाएगा और कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव संभव है।
मौजूदा मंत्रियों के पास हैं ये विभाग
बता दें कि रामेश्वर तेली को परिवर्तन एवं विकास, श्रम कल्याण तथा चाय जनजाति एवं आदिवासी कल्याण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष अतुल बोरा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, असम समझौता क्रियान्वयन, सीमा संरक्षण एवं विकास तथा आबकारी विभाग सौंपे गए। इसी तरह बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के नेता चरण बोरो को परिवहन विभाग के साथ बोडोलैंड कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई। वरिष्ठ भाजपा नेता अजंता नियोग को महिला एवं बाल विकास तथा पर्यटन विभाग सौंपा गया था।
