Reshuffle in Congress Party: कांग्रेस ने एक के बाद एक कई विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल किया। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन को महासचिव तथा रजनी पाटिल, बीके हरिप्रसाद और मीनाक्षी नटराजन समेत नौ नेताओं को विभिन्न प्रदेशों का प्रभारी नियुक्त किया।
राजीव शुक्ला सहित इन नेताओं को हटाया
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही राजीव शुक्ला, मोहन प्रकाश, देवेंद्र यादव, अजय कुमार, दीपक बाबरिया और भारत सिंह सोलंकी को प्रदेश प्रभारी के दायित्व से मुक्त किया। शुक्ला हिमाचल प्रदेश, मोहन प्रकाश बिहार, देवेंद्र यादव पंजाब, अजय कुमार ओडिशा, बाबरिया हरियाणा, सोलंकी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी का उत्तरदायित निभा रहे थे। नवनियुक्त महासचिव बघेल को पंजाब और हुसैन को जम्मू कश्मीर का प्रभार सौंपा गया है।
इस बदलाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है। पार्टी ने रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़, हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्यप्रदेश, गिरीश चोडानकर को तमिलनाडु एवं पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले अल्लावरू अब तक भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी के अन्य सभी महासचिव और प्रदेश प्रभारी सेवा देते रहेंगे। पार्टी ने हरियाणा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद संगठन में यह बदलाव किया है।
विधानसभा चुनावों में करारी हार मिली
बता दें कि कांग्रेस को पिछले कुछ महीनों में हुए विधानसभा चुनावों में करारी हार मिली है। ओडिशा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और दिल्ली में कांग्रेस को करारी हार झेलनी पड़ी है। अब इन राज्यों के प्रभारियों को हटाकर नए पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। हरियाणा में बताया जा रहा था कि कांग्रेस की जीत पक्की लेकिन यहां भी उसे हैरतअंगेज हार मिली। इसके बाद उसने महाराष्ट्र में भी सत्ता गंवाई और फिर हालिया दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली।
संगठन में बदलाव का दौर
संगठन में नए बदलाव के तहत नवनियुक्त महासचिव बघेल को पंजाब और हुसैन को जम्मू कश्मीर का प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले कांग्रेस ने 13 फरवरी को महाराष्ट्र में नाना पटोले को हटाकर हर्षवर्धन सपकाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया। जबकि इससे एक दिन पहले ही भक्तचरण दास को ओडिशा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
