Train Accident in MP: मध्य प्रदेश में सोमवार को एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। भोपाल से इटारसी जाने वाली यह मालगाड़ी पटरी से उतर गई। ट्रेन हादसे की सूचना मिलने के बाद मध्य प्रदेश के प्रशासिक अधिकारी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मालगाड़ी के उलटे हुए डिब्बों को पटरी पर वापस लाने का काम कर रहे हैं।
ट्रेन हादसे पर रेलवे ने क्या कहा
भोपाल डिवीजन के रेलवे पीआरओ नवल अग्रवाल ने कहा कि भोपाल से इटारसी जा रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे मिसरोद और मंडीदीप रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। मरम्मत का काम चल रहा है, टीम मौके पर है। तीन लाइन वाला सेक्शन होने के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है।
दोपहर में हुई घटना
पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकार क्षेत्र में दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के बाद मार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। मरम्मत का काम रात आठ बजे तक पूरा होने की उम्मीद है। अधिकारी ने बताया चूंकि इस व्यस्त रेल मार्ग पर तीन में से दो लाइन चालू हैं, इसलिए इस घटना से रेल यातायात में कोई खास व्यवधान नहीं हुआ।
