दुश्मन के ड्रोन की अब खैर नहीं! भारत का 'भार्गवास्त्र' कैसे बनेगा आसमान का सुरक्षा कवच?

Bhargavastra Anti-Drone System: भारत ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' विकसित किया है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर सके, उनकी गतिविधियों को ट्रैक करे और जरूरत पड़ने पर उन्हें हवा में ही नष्ट कर दे। नवंबर 2026 में राजस्थान के पोखरण में इसके विकास परीक्षणों का नया चरण पूरा हुआ है। आइए जानते हैं क्या है भार्गवास्त्र, कैसे काम करता है और भारत की वायु रक्षा के लिए यह क्यों अहम है।

Bhargavastra Anti-Drone System: रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर अमेरिका-ईरान युद्ध तक, दुनिया ने इस सच्चाई को मान लिया है कि अब युद्ध में सिर्फ टैंक और मोर्टार जैसी बड़ी-बड़ी तोपें ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस ड्रोन, मिसाइल और आधुनिक तकनीक से विकसित हथियार भी निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। युद्ध का तरीका तेजी से बदल रहा है।

bhargavastra

जानें भारत का स्वदेशी 'भार्गवास्त्र' करेगा आसमान की रखवाली। AI IMAGE

छोटे-छोटे ड्रोन भी दुश्मन के सैन्य ठिकानों, हथियारों और अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना सकते हैं। अब दुश्मन पर हमला करने के लिए हजारों किलोमीटर दूर से ड्रोन स्वार्म भेजे जा रहे हैं। सबसे बड़ी चुनौती तब पैदा होती है, जब कई ड्रोन एक साथ झुंड बनाकर हमला करते हैं। ऐसे हमलों को ड्रोन स्वार्म कहा जाता है।

इसी चुनौती से निपटने के लिए भारत ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' विकसित किया है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर सके, उनकी गतिविधियों को ट्रैक करे और जरूरत पड़ने पर उन्हें हवा में ही नष्ट कर दे। नवंबर 2026 में राजस्थान के पोखरण में इसके विकास परीक्षणों का नया चरण पूरा हुआ है। आइए जानते हैं क्या है भार्गवास्त्र, कैसे काम करता है और भारत की वायु रक्षा के लिए यह क्यों अहम है।

भार्गवास्त्र में दो स्तरीय हथियार प्रणाली है, जिसमें अनगाइडेड माइक्रो-रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइल शामिल हैं। ANI

क्या है भारत का भार्गवास्त्र?

भार्गवास्त्र एक स्वदेशी, वाहन पर तैनात किया जाने वाला दो-स्तरीय काउंटर-ड्रोन सिस्टम है। इसे भारतीय कंपनी सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने विकसित किया है। इसका मुख्य उद्देश्य दुश्मन के छोटे ड्रोन, हथियारबंद ड्रोन, लोइटरिंग म्यूनिशन और एक साथ हमला करने वाले ड्रोन स्वार्म को रोकना है।

इस सिस्टम की खासियत यह है कि यह एक ही तरह के हथियार पर निर्भर नहीं रहता। इसमें पहली सुरक्षा परत के तौर पर अनगाइडेड माइक्रो-रॉकेट और दूसरी परत में सटीक निशाना लगाने वाली गाइडेड माइक्रो-मिसाइल का इस्तेमाल किया जाता है।

ड्रोन स्वार्म क्या होता है और यह कितना खतरनाक है?

ड्रोन स्वार्म का मतलब है कई ड्रोन का एक साथ, आपसी तालमेल के साथ किसी लक्ष्य की ओर बढ़ना। ये ड्रोन अलग-अलग दिशाओं से हमला कर सकते हैं और दुश्मन की एयर डिफेंस प्रणाली को व्यस्त कर सकते हैं। मसलन, अगर किसी सैन्य ठिकाने की सुरक्षा में एक सीमित संख्या में एयर डिफेंस मिसाइलें तैनात हैं और अचानक बड़ी संख्या में सस्ते ड्रोन एक साथ हमला कर दें, तो उन्हें रोकना मुश्किल हो सकता है। महंगी मिसाइलों से सस्ते ड्रोन को नष्ट करना आर्थिक रूप से भी नुकसानदेह हो सकता है।

यही वजह है कि दुनिया की सेनाएं ऐसे सिस्टम विकसित कर रही हैं, जो कम लागत में बड़ी संख्या में ड्रोन से निपट सकें। भार्गवास्त्र इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

इसका रडार 6 से 10 किलोमीटर तक छोटे हवाई लक्ष्यों का पता लगाने में सक्षम बताया गया है। ANI

कैसे काम करता है भार्गवास्त्र?

भार्गवास्त्र की सबसे बड़ी खासियत इसकी दो अलग-अलग हथियार प्रणालियां हैं। इन्हें दुश्मन के ड्रोन की स्थिति और खतरे के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है।

1. पहली परत: माइक्रो-रॉकेट से हमला

इसकी पहली परत में अनगाइडेड एयर डिफेंस माइक्रो-रॉकेट लगाए गए हैं। इनका इस्तेमाल खास तौर पर एक साथ आने वाले कई ड्रोन के खिलाफ किया जा सकता है। इसके वर्जन-1 में 64 ट्यूब वाला रॉकेट लॉन्चर दिया गया है।

2. दूसरी परत: गाइडेड माइक्रो-मिसाइल

दूसरी परत में गाइडेड माइक्रो-मिसाइल का इस्तेमाल होता है। ये मिसाइलें ऑटोनॉमस गाइडेंस और इन्फ्रारेड सीकर से लैस हैं। इनकी मदद से किसी खास ड्रोन को अधिक सटीकता के साथ निशाना बनाया जा सकता है। वर्जन-2 में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर की व्यवस्था है। इस तरह एक परत कई ड्रोन के खतरे से निपटने के लिए और दूसरी परत सटीक निशाना लगाने के लिए तैयार की गई है।

दुश्मन के ड्रोन को कैसे पहचानता है भार्गवास्त्र?

किसी भी एंटी-ड्रोन सिस्टम के लिए सबसे जरूरी है कि वह दुश्मन के ड्रोन को समय रहते पहचान सके। भार्गवास्त्र में इसके लिए कई तरह के सेंसर और रडार लगाए गए हैं।

सर्विलांस रडार: आसमान में मौजूद ड्रोन की पहचान और उनकी गतिविधियों को ट्रैक करने में मदद करता है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इसका रडार 6 से 10 किलोमीटर तक छोटे हवाई लक्ष्यों का पता लगा सकता है।

ईओ/आईआर सेंसर: इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर दिन और रात में लक्ष्य की निगरानी करने में मदद करते हैं।

आरएफ डिटेक्टर: रेडियो फ्रीक्वेंसी सिग्नल के जरिए ड्रोन और उसके कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी गतिविधियों का पता लगाने में मदद करते हैं।

कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम: अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारी को एक जगह इकट्ठा करता है। इसके बाद ऑपरेटर को लक्ष्य की स्थिति समझने और उचित हथियार से जवाब देने में मदद मिलती है।

इस पूरी प्रक्रिया को सी4आई यानी कमांड, कंट्रोल, कम्युनिकेशन और इंटेलिजेंस नेटवर्क के जरिए संचालित किया जाता है।

हार्ड किल तकनीक क्या है?

भार्गवास्त्र की एक अहम विशेषता इसकी हार्ड किल तकनीक है। आसान भाषा में समझें तो हार्ड किल का मतलब है दुश्मन के ड्रोन को सीधे हथियार से नष्ट करना। इसके उलट सॉफ्ट किल तकनीक में ड्रोन के कम्युनिकेशन या नेविगेशन सिग्नल को जाम करके उसे निष्क्रिय करने की कोशिश की जाती है।

भार्गवास्त्र का मुख्य हथियार सिस्टम हार्ड किल तकनीक पर आधारित है। यह खास तौर पर उन ड्रोन के खिलाफ उपयोगी हो सकता है, जो स्वायत्त तरीके से काम करते हैं और जिनके कम्युनिकेशन सिग्नल को जाम करने से वे जरूरी नहीं कि रुक जाएं।

कहां-कहां तैनात हो सकता है भार्गवास्त्र?

भार्गवास्त्र को वाहन पर तैनात किया जा सकता है। इसका मतलब है कि जरूरत के मुताबिक इसे अलग-अलग सैन्य क्षेत्रों में ले जाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, इसे रेगिस्तानी इलाकों, मैदानी क्षेत्रों और समुद्र तल से 5,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में काम करने के हिसाब से तैयार किया गया है। भारत के लिए यह क्षमता इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश की सीमाओं पर रेगिस्तान से लेकर ऊंचे पहाड़ी इलाकों तक अलग-अलग तरह की भौगोलिक परिस्थितियां मौजूद हैं।

पोखरण में हुई सफल टेस्टिंग

भार्गवास्त्र का विकास परीक्षणों का नया चरण 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में हुआ। इन परीक्षणों में सिस्टम के सेंसर और कमांड एंड कंट्रोल नेटवर्क ने ड्रोन स्वार्म जैसे वास्तविक लक्ष्यों का पता लगाया और उन्हें ट्रैक किया। इसके बाद रॉकेट दागे गए, जिन्होंने निर्धारित लक्ष्य बिंदुओं को निशाना बनाया।

अलग परीक्षणों में गाइडेड माइक्रो-मिसाइल की गाइडेंस और अंतिम चरण में लक्ष्य को साधने की क्षमता भी प्रदर्शित की गई। इन परीक्षणों के पूरा होने को सिस्टम के विकास में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।

End Article
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor ...

End of Feed