Bharat Jodo Nyaya Yatra in Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी का राजनीतिक माहौल गर्माया रहा, जैसे ही राहुल गांधी की न्याय यात्रा अमेठी कस्बे में पहुंचने की सूचना मिली वैसे ही अमेठी कस्बे में लोग एकत्र होना शुरू हो गए और बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी वापस जाओ' के नारे लगाए।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का अमेठी में एक-दो जगह पर विरोध प्रदर्शन हुआ
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अमेठी के गांधी चौक पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया एवं 'राहुल वापस जाओ' के नारे लगाए।भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 'जय श्रीराम' का झंडा लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष विष्णु मिश्रा के नेतृत्व में राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और जय श्रीराम के नारे भी लगाये। हालांकि, पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को चौक से करीब 30 मीटर दूर रोकने में सफल रही।
कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया
वहीं भारत जोड़ो न्याय यात्रा करीब सवा तीन बजे दाखिल हुई तो जिले के कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया खास बात ये कि दूसरी ओर अमेठी से सांसद स्मृति इरानी आज जनसंवाद कार्यक्रम कर रहीं थीं।
अमेठी के चार दिन के दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने विकास खंड भादर के टीकरमाफी और भादर जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया एवं एक ग्रामीण की शिकायत पर लेखपाल को धरने पर बैठने की धमकी दी।
गांवों में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुन रही हैं स्मृति ईरानी
राहुल गांधी को हराकर 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट गांधी नेहरू परिवार से छीनने वाली स्मृति ईरानी जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से गांवों में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने में लगी हैं। अमेठी के टीकरमाफी में जनसुनवाई के दौरान स्मृति ईरानी ने जमीन पर अवैध कब्जे के एक मामले में लेखपाल सुधांशु श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाई और उनसे आधे घंटे के अंदर अवैध कब्जा हटाने को कहा। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने धरने पर बैठने की धमकी दी।
