Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान हादसे की खबर है। जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद में राहुल गांधी जिस अस्थाई कैंप में रुके थे, वहां करंट उतर आया। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के लिए बनाए गए अस्थाई कैंप के सीआरपीएफ वॉच टॉचर में करंट उतरा था। यह हादसा कोतवाली कटघर इलाके के रामपुर रोड जीरो प्वाइंट के पास हुआ है। पुलिस ने मृतक की पहचान भी कर ली है। उनका नाम नरेश है और वह झारखंड के चतरा का रहने वाला है। इसके आलवा सभी घायल भी चतरा के ही रहने वाले हैं।
प्रियंका भी हुई थीं शामिल
बता दें, मुरादाबाद में राहुल गांधी की न्याय यात्रा में प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में मुरादाबाद में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। यात्रा जब मुरादाबाद की सड़कों पर आगे बढ़ी तो विभिन्न क्षेत्रों के लोग वहां मौजूद थे। खुली जीप में सवार दोनों नेताओं का उनके समर्थकों ने स्वागत किया। इस बीच राहुल और प्रियंका जनता का अभिवादन करते नजर आए। ।
अलीगढ़ से शामिल होंगे अखिलेश यादव
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, वह अलीगढ़ से यात्रा के साथ जुड़ेंगे। बता दें, हाल ही में कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर समझौता हुआ है, जिसके बाद अखिलेश यादव के भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने की खबरें सामने आई थीं।
