देश

Bharat Bandh Today: किसानों का देशव्यापी 'भारत बंद' आज, कहां-क्या रहेगा बंद, पढ़ लें ये 10 बड़े अपडेट्स

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Feb 16, 2024, 01:32 PM IST

Bharat Bandh Today: किसानों ने आज (16 फरवरी) को भारत बंद का आह्वान किया है। किसानों के इस आह्वान को ट्रेड यूनियन्स का भी समर्थन किया है। यह बंद सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। आइए जानते हैं इससे जुड़े 10 बड़े अपडेट्स...

Image

किसानों का भारत बंद आज

Photo : Times Now Digital

Bharat Bandh Today News and updates: न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए कानून समेत 12 सूत्रीय मांगों के लिए किसान दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि या तो उनकी मांगे मानी जाएं या फिर उन्हें दिल्ली में दाखिल होने दिया जाए। इस बीच किसान संगठनों ने आज देशव्यापी भारत बंद का ऐलान किया है। किसानों के इस आह्वान को ट्रेड यूनियन्स का भी समर्थन किया है। यह बंद सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान किसान देशभर में कई सड़कों को अवरुद्ध कर सकते हैं। किसानों ने ऐलान किया है कि पंजाब समेत कई राष्ट्रीय राजमार्गों को चार घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।

इस बीच खबर है कि गुरुवार को किसानों और सरकार के बीच हुई बातचीत एक बार फिर से बेनतीजा रही है। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का कहना है कि हमारा शांतिपूर्वक विरोध जारी रहेगा। अब किसान और सरकार के बीच अगले राउंड की बैठक रविवार को बुलाई गई है। आइए जानते हैं भारत बंद से जुड़े 10 बड़े अपडेट्स...

  1. संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद सुबह 6 बजे से प्रभावी है, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसपोर्ट, प्राइवेट दफ्तर, बाजार, मनरेगा समेत कृषि गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
  2. किसानों ने ग्रामीण इलाकों में इंडस्ट्रियल एक्टिविटी को भी पूरी तरह बंद रखने का आह्वान किया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को अवरुद्ध नहीं किया जाएगा।
  3. भारत बंद के दौरान बैंक बंद नहीं होंगे। यह सुचारू रूप से खुलेंगे और सामान्य तरीके से काम करेंगे। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों का विरोध देखा जा सकता है।
  4. किसानों ने पंजाब रोडवेज को चार घंटे के लिए बंद करने का ऐलान किया है। इसके अलावा कई राजमार्गों को भी अवरुद्ध किया जा सकता है।
  5. किसानों ने हरियाणा टोल को सिर्फ 3 घंटे के लिए फ्री रखने का ऐलान किया है। दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक टोल को फ्री रखा जाएगा।
  6. नुक्कड़ नाटकों, संगीत और कविताओं माध्यम से प्रदर्शनकारी अपनी मांगों का समर्थन करेंगे और किसान और मजदूरों की दुर्दशा देश के सामने रखेंगे।
  7. सब्जियों और अन्य फसलों की आपूर्ति, खरीद और ब्रिकी को निलंबित रखने का आह्वान किया गया है।
  8. किसानों ने प्राइवेट और सरकारी गाड़ियों को भी न चलने दिए जाने का ऐलान किया है। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं के लिए रास्ता खोला जाएगा।
  9. पंजाब में निजी बस उद्योग ने भारत बंद का समर्थन किया है। पंजाब में 16 फरवरी को निजी बसें नहीं चलेंगी।
  10. नोएडा पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। पुलिस ग्रेटर नोएडा और नोएडा से दिल्ली बॉर्डर से लगने वाली सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाएगी। इसलिए ज्यादा से ज्यादा मेट्रो के इस्तेमाल की अपील की गई है।

नोएडा पुलिस ने जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी

नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि ‘यातायात असुविधा से बचने के लिए दिल्ली जाने वाले लोग जितना संभव हो सके मेट्रो का इस्तेमाल करें। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने और परी चौक के रास्ते सिरसा से सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आगमन प्रतिबंधित रहेगा। असुविधा से बचने के लिए चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article