Punjab Nikay Chunav Results 2026: पंजाब में हुए निकाय चुनावों के शुरुआती नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों (Punjab Local Body Election Results) में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को मिल रही बढ़त ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा दिया है। इन नतीजों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का बड़ा संकेत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे आम आदमी पार्टी के काम और जनता के भरोसे की जीत बताया। अब तक सामने आए नतीजों के अनुसार 8 नगर निगमों में से आम आदमी पार्टी 6 जगहों पर आगे या जीत की स्थिति में है।
इनमें बरनाला, मोहाली, मोगा, भटिंडा, अबोहर और बटाला शामिल हैं। कांग्रेस को कपूरथला में बढ़त मिली है, जबकि भाजपा पठानकोट में आगे चल रही है। नगर काउंसिल चुनावों में भी AAP का प्रदर्शन मजबूत दिखाई दे रहा है। 75 नगर काउंसिलों में से करीब 40 पर पार्टी बढ़त बनाए हुए है। वहीं नगर पंचायत चुनावों में भी आम आदमी पार्टी को अच्छा समर्थन मिलता दिख रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा गिद्दड़बाहा के नतीजों की हो रही है। यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग (Amrinder Singh Raja Warring) के प्रभाव वाले इलाके में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया।
जनता ने विकास और सकारात्मक राजनीति पर जताया भरोसा-मान
अब तक गिने गए 13 वार्डों में पार्टी ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने विकास और सकारात्मक राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, “कई जगहों पर अकाली दल और बीजेपी (Punjab BJP) को उम्मीदवार तक नहीं मिले। मैं निर्दलीय उम्मीदवारों और विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को भी बधाई देता हूं। सारे चुनाव हमने जीते हैं और मैं वादा करता हूं कि अगला विधानसभा चुनाव भी हम बड़े बहुमत से जीतेंगे।”
EVM पर सवाल उठाने को लेकर भी सीएम ने दिया जवाब
भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने आगे कहा, “ये वोट मेरे नाम पर नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी (Punjab AAP) के काम पर मिले हैं। हम सकारात्मक राजनीति करते हैं। बंगाल जीतकर जो लोग इतरा रहे थे, वो यहां पांचवें नंबर पर आए हैं।" विपक्षी दलों की ओर से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग और ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अगर ईवीएम से चुनाव कराते तब भी ये लोग यही कहते कि चुनाव लूट लिया। तो क्या अब टॉस करके चुनाव कराएं? ये भी तो बताएं कि चुनाव कैसे कराए जाएं। कांग्रेस की आदत है कि जहां भी हारती है, वहीं ईवीएम पर सवाल उठाने लगती है।”
75 नगर परिषद, 20 नगर पंचायतों के लिए 26 मई को हुआ था मतदान
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को ईवीएम पर शक है तो उसका समाधान होना चाहिए। भगवंत मान ने कहा, “बैलेट पेपर से चुनाव कराने में हमें कोई दिक्कत नहीं है। बैलेट से चुनाव होंगे तो वोटों की गिनती में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। फिर ये लोग स्याही डालेंगे और चुनाव हो जाएंगे।”
भगवंत मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी करीब 1000 सीटें जीत सकती है। उन्होंने कहा, "ताजा जानकारी के अनुसार हम 890 सीटें जीत चुके हैं और करीब 150 सीटों के नतीजे अभी बाकी हैं। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की सीटों को जोड़ दें, तब भी वे AAP के बराबर नहीं हैं।"
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की 90 प्रतिशत से ज्यादा नगर परिषद और नगर पंचायतों में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने इसे पंजाब में विकास और जनता के भरोसे की जीत बताया। पंजाब में 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों के लिए 26 मई को मतदान हुआ था। इन चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। चुनाव अधिकारियों के अनुसार आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा 1,801 उम्मीदवार उतारे थे, जबकि कांग्रेस ने 1,550, भाजपा ने 1,316 और शिरोमणि अकाली दल ने 1,251 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
