बेनेट यूनिवर्सिटी का आठवां दीक्षांत समारोह आयोजित, अमित बी. कल्याणी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से किया गया सम्मानित

Bennett University Convocation 2026: बेनेट यूनिवर्सिटी में शनिवार को आठवां वार्षिक दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नौ स्कूलों के करीब 2,800 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

Bennett University Convocation 2026: बेनेट यूनिवर्सिटी में शनिवार को आठवां वार्षिक दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नौ स्कूलों के करीब 2,800 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह में भारत फोर्ज लिमिटेड के वाइस चेयरमैन और ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमित बी. कल्याणी को उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मानद डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Honoris Causa) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

Bennett University Convocation 2026

बेनेट यूनिवर्सिटी दीक्षांत समारोह

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए अमित बी. कल्याणी ने छात्रों से केवल शैक्षणिक डिग्रियों तक सीमित न रहने और व्यावहारिक कौशल, ईमानदारी तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफल करियर बनाने के लिए व्यावहारिक अनुभव हासिल करना और किसी काम के पीछे के उद्देश्य को समझना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, ''खुद काम करना ऐसी चीज है, जो कोई कॉलेज की डिग्री नहीं सिखा सकती।'' उन्होंने जोर दिया कि किसी चीज को बनाने के तरीके के साथ-साथ यह समझना भी जरूरी है कि उसे क्यों बनाया गया है।

कल्याणी ने आगे कहा कि देश का भविष्य काफी हद तक आज ग्रेजुएट हो रही पीढ़ी पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा, ''वर्ष 2047 में भारत अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा। उस समय आप अपने जीवन के सबसे अहम दौर में होंगे और आपकी उम्र 40 के आसपास होगी। 2047 का भारत कैसा होगा, इसकी जिम्मेदारी आपके कंधों पर होगी।''

उन्होंने ग्रेजुएट्स को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए स्वदेशी तकनीकों और समाधानों के विकास पर काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

AI और बदलते करियर पर विनीत जैन ने ग्रेजुएट्स को दी सलाह

दीक्षांत समारोह में बेनेट यूनिवर्सिटी के चांसलर और द टाइम्स ग्रुप के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के बजाय, नई संभावनाओं के विस्तार के साधन के तौर पर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी में तरक्की से भविष्य के पेशेवरों के लिए जरूरी कौशल तथा क्षमताओं का स्वरूप बदल रहा है। उन्होंने कहा, ''ऐसी दुनिया में जहां तकनीक तेजी से हमारे सवालों के जवाब दे सकती है, वहां आपकी असली ताकत यह जानने में होगी कि कौन से सवाल पूछना जरूरी है।''

उन्होंने माना कि AI की मदद से कई काम कम समय में पूरे किए जा सकते हैं, लेकिन नैतिकता, संवेदनशीलता, साहस और रणनीतिक निर्णय लेने की क्षमता जैसे मानवीय गुणों का महत्व बना रहेगा। उन्होंने कहा, ''आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल केवल अपने काम की गति बढ़ाने के लिए न करें, बल्कि अपनी महत्वाकांक्षाओं और संभावनाओं का दायरा बढ़ाने के लिए करें।''

उन्होंने नए ग्रेजुएट्स को जिज्ञासु बने रहने और समस्याओं का समाधान खोजने वाली सोच विकसित करने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने जॉर्ज बर्नार्ड शॉ के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी चुनौती या सीमा का सामना होने पर 'ऐसा क्यों नहीं हो सकता?' की सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

रिसर्च और प्लेसमेंट में बेनेट यूनिवर्सिटी की उपलब्धियां

शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर (डॉ.) राज सिंह ने संस्थान की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेनेट यूनिवर्सिटी एक बहुविषयक संस्थान के रूप में विकसित हुई है, जहां करीब 18,000 विद्यार्थी और 544 फैकल्टी सदस्य हैं। इनमें लगभग 90 प्रतिशत के पास पीएचडी की डिग्री है।

यूनिवर्सिटी के अनुसार, यहां अब तक 5,700 रिसर्च पेपर प्रकाशित किए जा चुके हैं और 364 पेटेंट दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, बेनेट हैचरी के माध्यम से 80 से अधिक स्टार्टअप को विकसित करने में मदद दी गई है।

यूनिवर्सिटी ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले और यूनिवर्सिटी ऑफ ओटावा समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक साझेदारी भी की है। इस वर्ष यूनिवर्सिटी में प्लेसमेंट का सबसे ऊंचा पैकेज 60 लाख रुपये सालाना रहा।

प्रोफेसर राज सिंह ने कहा कि यूनिवर्सिटी का फोकस छात्रों को केवल उनकी पहली नौकरी के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें लंबे समय तक अपने पेशेवर क्षेत्र में प्रासंगिक और सक्षम बनाए रखना है।

मेधावी छात्रों को चांसलर और वाइस चांसलर मेडल

दीक्षांत समारोह का आयोजन दो सत्रों में किया गया। पहले सत्र में स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके बाद आठ स्कूलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल, संस्कृति और उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पांच चांसलर मेडल प्रदान किए गए। वहीं, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए वाइस चांसलर की ओर से छात्रों को 33 मेडल भी दिए गए।

गौरतलब है कि द टाइम्स ग्रुप की ओर से स्थापित बेनेट यूनिवर्सिटी ग्रेटर नोएडा में स्थित है। यूनिवर्सिटी के नौ स्कूलों में विभिन्न विषयों के शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। संस्थान का जोर व्यावहारिक शिक्षा, शोध, उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव पर है।

End Article
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभा...

End of Feed