देश

Bennett University और University of Waikato के बीच हुई रणनीतिक शैक्षणिक साझेदारी

मशहूर बेनेट यूनिवर्सिटी ने न्यूजीलैंड की वाइकाटो यूनिवर्सिटी के साथ एक MoU किया है। इसके साथ दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान और ज्वाइंट रिसर्च के साथ ही छात्रों को वैश्विक अनुभव भी मिलेगा। इस समझौते से दोनों देशों के शैक्षणिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। बेनेट यूनिवर्सिटी के चांसलर और द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन ने इस समझौते के महत्व के बारे में जानकारी दी।

Image

Bennett University और University of Waikato, New Zealand के बीच हुआ समझौता

Photo : Times Now Digital

बेनेट यूनिवर्सिटी ने न्यूजीलैंड की वाइकाटो यूनिवर्सिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) को औपचारिक रूप दिया है। इसके तहत दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान, ज्वाइंट रिसर्च इनिशिएटिव, दोनों संस्थानों के बीच छात्रों की गतिशीलता होगी। यह समझौता भारत और न्यूजीलैंड के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूती प्रदान करता है, जो अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार यानी इनोवेशन के लिए साझा प्रतिबद्धता पर जोर देता है।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफन लक्सन (Rt Hon Christopher Luxon) ने इस पार्टनरशिप का स्वागत किया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत बनाने से होने वाले व्यापक लाबों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, 'मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि दोनों देशों के बीच संबंध लगातार बढ़ रहे हैं, विशेषतौर पर शिक्षा के क्षेत्र में। न्यूजीलैंड और भारतीय विश्वविद्यालयों के बीच मजबूत सहयोग प्रतिभाओं, विचारों और नवाचार के दोतरफा आदान-प्रदान का समर्थन करता है। इससे न सिर्फ अकादमिक और शोध परिणाम बेहतर होंगे, बल्कि छात्रों के लिए मूल्यवान अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण और करियर विकल्प भी पैदा होंगे।'

वाइकाटो यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, प्रोफेसर नील क्विगली (Professor Neil Quigley) ने इस साझेदारी के महत्व पर जोर डाला। उन्होंने कहा, इस तरह की साझेदारियां विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने और सार्थक वैश्विक शैक्षणिक संबंध बनाने के लिए वाइकाटो यूनिवर्सिटी के समर्पण को और बेहतर तरीके से प्रदर्शित करता है। इन साझेदारियों से हमारे छात्रों और स्टाफ को मिलने वाले अवसर को लेकर हम उत्साहित हैं। यह साझेदारी अकादमिक उत्कृष्टता और वैश्विक संपर्क के हमारे साझा दृष्टिकोण का प्रमाण है।

बेनेट यूनिवर्सिटी के चांसलर और द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन (Mr. Vineet Jain) ने इस अवसर पर कहा कि भारत वैश्विक शिक्षा के क्षेत्र में एक शक्तिशाली देश बना हुआ है। उन्होंने कहा, भारत की शिक्षा प्रणाली दुनियाभर में सबसे बड़ी और सबसे विविध शिक्षा प्रणालियों में से एक है। विनीत जैन ने इस समझौता ज्ञापन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, 'हम वाइकाटो यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी करके खुश हैं, जो अपनी अकादमिक उत्कृष्टता और रिसर्च कॉन्ट्रीब्यूशन के लिए वैश्विक स्तर पर एक मान्यता प्राप्त संस्थान है। यह सहयोग हमारे छात्रों और फैकल्टी के लिए नए दरवाजे खोलेगा, जिससे उन्हें देश की सीमाओं से बाहर शिक्षा और शोध में शामिल होने के अद्वितीय अवसर प्राप्त होंगे।'

दोनों संस्थानों ने कानून, व्यवसाय, कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग में स्टडी पाथवे व संयुक्त कार्यक्रमों के जरिए छात्रों के लिए अवसर बढ़ाने में सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की है। इसके अलावा, समझौता ज्ञापन में छात्रों के सीखने के अनुभवों को बढ़ाने के के लिए संयुक्त रूप से इमर्सिव शॉर्ट प्रोग्राम विकसित करने की भी योजना है।

बेनेट यूनिवर्सिटी को इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एप्लाइड साइंसेज, मैनेजमेंट, कानून, मीडिया, डिजाइन और लिबरल आर्ट्स में इंडस्ट्री से संबंध शिक्षा के लिए जाना जाता है, इसकी अत्याधुनिक अवसंरचना और नेशनल असेसमेंट एंड एक्रिडिटेशन काउंसिल (NAAC) से A+ मान्यता प्राप्त है। वाइकाटो विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी वैश्विक शैक्षणिक दृष्टिकोण, ग्लोबल एक्सचेंज प्रोग्राम और नए कैरियर मार्गों तक पहुंच प्रदान करके छात्रों के सीखने के अनुभव को और बढ़ाएगी। बता दें कि वाइकाटो यूनिवर्सिटी दुनिया की चोटी के विश्वविद्यालयों में से एक है।

इस रणनीतिक साझेदारी के जरिए, बेनेट यूनिवर्सिटी अंतरराष्ट्रीयकरण, अपनी शैक्षणिक पेशकश को बढ़ाने और छात्रों को अद्वितीय वैश्विक शिक्षा और कैरियर के अवसर प्रदान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article