देश

ममता सरकार ने शेख शाहजहां को CBI को सौंपने से किया इनकार, खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 6, 2024, 10:42 AM IST

5 जनवरी को संदेशखाली में भीड़ द्वारा ईडी की टीम पर हमला किए जाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के कई सदस्य घायल हो गए थे।

Image

शेख शाहजहां

Photo : PTI

Sheikh Shahjahan Case: पश्चिम बंगाल सरकार ने कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां को सीबीआई को सौंपने से इनकार कर दिया है। शाहजहां को हिरासत में लेने के लिए सीबीआई अधिकारियों की एक टीम भबानी भवन पहुंची, जो पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय है। हालांकि, टीम शेख को लिए बिना ही लौट आई। इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को 5 जनवरी को संदेशखली में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हमले के मामले में शेख शाहजहां को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था।

ममता सरकार पहुंची सुप्रीम कोर्ट

अदालत ने कहा कि राज्य पुलिस ने पूरी स्थिति को कम करके आंका क्योंकि शाहजहां 29 फरवरी को गिरफ्तार होने से पहले 55 दिनों तक फरार था। विपक्षी नेताओं के लगातार दौरे से मामले ने तूल पकड़ लिया था। शाहजहां की गिरफ्तारी में पुलिस लगातार ढिलाई बरत रही थी। मामला हाई कोर्ट पहुंचा जिसने न सिर्फ विपक्षी नेताओं को संदेशखाली जाने की इजाजत दी बल्कि शेख को भी गिरफ्तार करने का आदेश सुनाया। इसके बाद ही शेख को गिरफ्तार किया जा सका। इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य पुलिस से जांच को सीबीआई को ट्रांसफर करने के हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

ईडी की टीम पर हमला

बता दें कि 5 जनवरी को संदेशखाली में भीड़ द्वारा ईडी की टीम पर हमला किए जाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के कई सदस्य घायल हो गए थे। यह हमला तब हुआ जब ईडी अधिकारी करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में शेख शाहजहां के घर पर छापा मारने गए थे। शेख शाहजहां को 55 दिनों की फरारी के बाद 29 फरवरी को राज्य पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। शाहजहां और उसके गुर्गों पर संदेशखाली में कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने का भी आरोप है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article