Annapurna Yojana in Bengal: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बुधवार को राज्य सरकार की अन्नपूर्णा योजना का उद्घाटन करेंगे, जिसके तहत महिला लाभार्थियों को प्रति माह 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। अन्नपूर्णा योजना, जो इस वर्ष के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में से एक थी, पूर्व टीएमसी सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना का स्थान लेगी, जिसके तहत लाभार्थियों को अधिकतम 1,500 रुपये प्रति माह मिलते थे।
सीएम सुवेंदु अधिकारी करेंगे अन्नपूर्णा योजना का उद्घाटन
एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12:30 बजे अन्नपूर्णा योजना का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थी ब्लॉक और नगरपालिका स्तर के केंद्रों से वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे। अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक, नगरपालिका और कोलकाता नगर निगम क्षेत्र से 100 लाभार्थियों को दिन भर में स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे।
लाभार्थियों की पहचान उप-विभागीय अधिकारियों (एसडीओ) और ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) द्वारा की जाएगी, और अंतिम स्वीकृति जिला मजिस्ट्रेट या कोलकाता नगर निगम आयुक्त द्वारा दी जाएगी। अधिकारी ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी ब्लॉकों और नगरपालिकाओं में वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, और जिला मजिस्ट्रेटों से अनुरोध किया गया है कि वे कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करें। विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थित रहेंगे।
बता देंं कि पश्चिम बंगाल में सोमवार को बीजेपी सरकार का कैबिनेट विस्तार हुआ था। पहले कैबिनेट विस्तार में सुवेंदु अधिकारी की सरकार में 35 नए मंत्रियों ने शपथ ली। जिसमें 13 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में, 3 ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में और 19 ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। अब बंगाल में मंत्रियों की संख्या 40 हो गई है। अर्जुन सिंह, तापस रॉय, शरदवत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, शंकर घोष नई लिस्ट में शामिल हैं। वहीं जोएल मुर्मू, अशोक डिंडा और आनंदमय बर्मन ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
