Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना संकल्प पत्र (BJP Ka Sankalp Patra) जारी कर दिया है। यह संकल्प पत्र केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी में पेश किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में कानून व्यवस्था सुधारना और विकास को गति देना है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, किसानों, बुजुर्गों और व्यापारियों को ध्यान में रखते हुए कई वादे किए हैं।
अमित शाह ने कहा कि बंगाल में हुई राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में एक विशेष आयोग बनाया जाएगा। इसके जरिए सभी मामलों की तेजी से जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें पिछले वर्षों की स्थिति और भविष्य की योजना दोनों को बताया जाएगा। भाजपा ने घुसपैठ और सीमा सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि अगर उसकी सरकार बनती है, तो घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा। इसके अलावा गौ तस्करी रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाने का वादा किया गया है।
भाजपा के संकल्प पत्र के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- घुसपैठियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
- डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट नीति लागू की जाएगी।
- कर्मचारियों के लिए डीए (महंगाई भत्ता) तय किया जाएगा।
- 80 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।
- महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाएं राज्य में लागू की जाएंगी।
- आयुष्मान भारत योजना को बंगाल में लागू किया जाएगा।
- महिलाओं के लिए HPV वैक्सीन और कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा दी जाएगी।
- संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाएगा।
- सरकार बनने के 6 महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का वादा।
- राज्य में 1 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य।
- दार्जिलिंग चाय के लिए विशेष समिति बनाई जाएगी।
- जूट उद्योग का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
- उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT, IIM और फैशन डिजाइनिंग सेंटर खोले जाएंगे।
- “वंदे मातरम” म्यूजियम बनाया जाएगा।
