Mann Ki Baat: रविवार को पीएम मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित होगा। इसे खास बनाने के लिए देशभर में बीजेपी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच मन की बात की रिकॉर्डिंग का वीडियो सामने आया है।
क्या है वीडियो में
इस वीडियो में दिखाया गया है कि पीएम मोदी कैसे मन की बात प्रोग्राम की रिकॉर्डिंग करते हैं। इस वीडियो में पीएम मोदी रिकॉर्डिंग कक्ष में एंट्री करते हुए दिख रहे हैं, जिसके बाद वो रिकॉर्डिंग करने वाले स्टाफ से मिलते हैं और फिर रिकॉर्डिंग रूम में चले जाते हैं। जहां से वो अपने इस कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग करते हैं।
रचेगा इतिहास
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 100वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सीधा प्रसारण किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट किया- ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ‘ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर’ में 30 अप्रैल को सीधा प्रसारण किया जाएगा।"
कब हुआ था शुरू
‘मन की बात’ कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। कुल 30 मिनट के इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11 बजे और न्यूयार्क में शनिवार देर रात डेढ़ बजे प्रसारित होगी।
सर्वे में सामने आई बड़ी बात
मन की बात में शिक्षा और देश के जमीनी नवोन्मेष के संबंध में दी गई सूचना सबसे प्रेरणादायक विषयों में से एक हैं। यह खुलासा भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) के सर्वेक्षण में हुआ है। सर्वेक्षण में यह तथ्य भी सामने आया है कि मूल रूप से रेडियो कार्यक्रम के तौर पर परिकल्पित ‘मन की बात’ को सबसे अधिक इंटरनेट मंच पर सुना गया। आईआईएमसी के महानिदेशक संजय द्विवेदी ने बताया कि अध्ययन में देश के 116 समाचार संगठनों, शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों के 890 लोगों ने हिस्सा लिया।
