Bangladesh’s popular actress Nusraat Faria Detained: बांग्लादेश की कार्यवाहक सरकार शेख हसीना से जुडे़ हर शख्स को गिरफ्तार करने पर आमादा है। ऐसे ही एक मामले में बांग्लादेश की मशहूर अभिनेत्री नुसरत फारिया को हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया है। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने एक फिल्म में अपदस्थ बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना का किरदार निभाया था।
जब फारिया देश छोड़ने की कोशिश कर रही थीं, तभी उन्हें एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। जुलाई में हुए विद्रोह को लेकर हत्या के प्रयास के मामले में 29 अप्रैल को नुसरत फारिया समेत कई अभिनेताओं पर मामला दर्ज किया गया था।
थाईलैंड जाते समय हिरासत में लिया गया
प्रोथोम अलो अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, 31 वर्षीय अभिनेत्री को आज सुबह थाईलैंड जाते समय शाह जलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के मुताबिक, सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हत्या के प्रयास के आरोप में दर्ज मामले के संबंध में फारिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। बड्डा जोन में सहायक पुलिस आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने प्रोथोम अलो से पुष्टि की कि अभिनेत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शेख हसीना की भूमिका निभाई थी
पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि फारिया को गिरफ्तारी के बाद ढाका के वतारा पुलिस स्टेशन ले जाया गया। प्रोथोम अलो के अनुसार, बाद में उन्हें ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की जासूसी शाखा के कार्यालय भेज दिया गया। फारिया ने 2023 की फिल्म 'मुजीब: द मेकिंग ऑफ ए नेशन' में हसीना की भूमिका निभाई थी, जिसे दिवंगत निर्देशक श्याम बेनेगल ने निर्देशित किया था। यह फिल्म बांग्लादेश और भारत का संयुक्त निर्माण था।
