LIVE

Bangladesh Live Updates: बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री डॉ. हसन महमूद गिरफ्तार, भारत में ही अटकी शेख हसीना

Bangladesh Violence News, PM Sheikh Hasina Live Hindi News

Bangladesh Live Updates: बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री डॉ. हसन महमूद गिरफ्तार, भारत में ही अटकी शेख हसीना

Bangladesh Violence News, PM Sheikh Hasina Live Hindi News: बांग्लादेश में बड़ा उथल-पुथल मचा हुआ है। केवल सोमवार को हुई हिंसा में करीब 135 लोग मारे गए हैं। शेख हसीना अभी भारत में हैं। बांग्लादेश का सी-130 जे हरक्यूलिस हेलिकॉप्टर मंगलवार सुबह हिंडन एयरपोर्ट से वापस अपने देश रवाना हो गया। बांग्लादेश के हालात पर भारत की सुरक्षा एजेंसियों की करीबी नजर है। अमेरिका ने कहा है कि वह बांग्लादेश के लोगों के साथ है। उसने सभी पक्षों से हिंसा छोड़ने की मांग की है। साथ ही इस देश को आर्थिक सहायता जारी रखने की बात कही है। वहीं, रिपोर्टों में कहा गया है कि बांग्लादेश में तख्तापलट की साजिश में पाकिस्तान और चीन का हाथ है। बांग्लादेश में अवामी लीग के नेता, हिंदुओं के मंदिर और घर कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं। उन पर हमले हो रहे हैं। कट्टरपंथियों ने एक होटल में आग लगा दी जिसमें आठ लोग जिंदा जल गए।

बांग्लादेश प्रोटेस्ट की न्यूज़ से जुडी हर अपडेट के लिए जुड़े रहे हमारे लाइव ब्लॉग से

-सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी सभी यूनिट के लिए सोमवार को ‘हाई अलर्ट’ जारी किया।

-बांग्लादेश में भारत के राजदूत रह चुके और पूर्व विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला ने कहा कि हसीना पहले 1975 से 1979 तक भारत में रह चुकी हैं। वह अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के बाद बांग्लादेश वापस लौटीं। भारत अपने पड़ोसी देशों के नेताओं को आश्रय देने से कभी इंकार नहीं किया है लेकिन हसीना भारत में रहेंगी या कहीं और जाएंगी इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

-ढाका में पीएम हाउस में प्रदर्शनकारी दाखिल होकर उत्पात मचा रहे हैं। वहां की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाए जाने की खबर है। प्रदर्शनकारी वहां खाना खा रहे हैं। धानमंडी स्थित गृह मंत्री के घर पर भी धावा बोला गया है।

-बताया जा रहा है शेख हसीना दिल्ली आने के बाद लंदन जाएंगी। वह ब्रिटेन से अपने लिए राजनीतिक आश्रय की मांग करेंगी।

-पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश के साथ कुल 2,217 किलोमीटर की सीमा साझा करता है, इसके अलावा त्रिपुरा (856 किमी), मेघालय (443 किमी), असम (262 किमी) और मिजोरम (318 किमी) सीमा साझा करते हैं।

-बांग्लादेश में शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश से बाहर चले जाने के बाद हजारों प्रदर्शकारियों को जश्न मनाते हुए देखा गया।

--सूत्रों का कहना है कि हसीना भारत से ब्रिटेन अथवा फिनलैंड जा सकती हैं। भारत में वह 'सुरक्षित स्थान' पर रहेंगी। हसीना जिस स्थान पर रहेंगी उसकी सुरक्षा सशस्त्र सेनाओं और सुरक्षा एजेंसियों के लोग करेंगे।

--बांग्लादेश एयर फोर्स का हेलीकॉप्टर C-130J हिंडन एयरबेस से रवाना हो गया है। इस पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर है।

-मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि बांग्लादेश के राष्ट्रपति संसद भंग कर सकते हैं और वहां पर आज अंतरिम सरकार का गठन हो सकता है। इस बीच चर्चा यह भी है कि ब्रिटेन के साथ शेख हसीना की राजनीतिक शरण की वार्ता विफल हो गई है।

-बांग्लादेश के हालात पर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि पड़ोसी देश की अराजकता और बिगड़ी कानून व्यवस्था भारत के लिए चिंता की बात है। हिंदू, सिख के साथ-साथ यह बाकी अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाया जा रहा है। अल्पसंख्यकों की संपत्तियां वहां सुरक्षित नहीं हैं।

AUG 06, 2024 18:13 IST

बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री डॉ. हसन महमूद गिरफ्तार

DBC न्यूज़ के अनुसार बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री डॉ. हसन महमूद गिरफ्तार हो गए हैं। डॉ. हसन महमूद को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। शेख हसीना की सरकार में विदेश मंत्री थे डॉ. हसन महमूद।
AUG 06, 2024 17:54 IST

बांग्लादेश न्यूज लाइव : बांग्लादेश की घटनाओं की यूएन के नेतृत्व में जांच हो-ब्रिटेन

ब्रिटेन सरकार ने पिछले कुछ हफ्तों में बांग्लादेश में हुई हिंसक घटनाओं की संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में जांच कराये जाने की मांग की है। हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच, सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पद से इस्तीफा दे दिया और उन्हें ब्रिटेन में कथित तौर पर शरण मांगने से पहले फिलहाल देश छोड़कर भारत जाना पड़ा।
AUG 06, 2024 17:07 IST

बांग्लादेश न्यूज लाइव : बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 440 हुई

बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 440 हो गई। स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से सोमवार को इस्तीफा देने और देश छोड़ने के बाद हुई हिंसा की घटनाओं में 100 से ज्यादा की मौत हुई है। हिंसा प्रभावित देश में सेना स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ समाचार पोर्टल ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने के बावजूद मंगलवार को स्थिति सामान्य होने के संकेत मिले तथा पुलिस और सेना सड़कों पर गश्त कर रही है।
AUG 06, 2024 15:13 IST

बांग्लादेश मसले पर हम सरकार के साथ हैं-मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी पड़ोसी देश बांग्लादेश के मौजूदा हालात को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के फैसलों के साथ है। मायावती ने बांग्लादेश के घटनाक्रम को लेकर दिल्ली में हुई सर्वदलीय बैठक का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘पड़ोसी देश बांग्लादेश के तेजी से बदलते हुए राजनीतिक हालात के मद्देनजर आज की सर्वदलीय बैठक अति महत्वपूर्ण है जिसमें सभी दलों द्वारा सरकार के फैसलों के साथ रहने का निर्णय उचित व जरूरी है। बसपा भी इस मामले में केंद्र सरकार के फैसलों के साथ है।’
AUG 06, 2024 15:05 IST

बांग्लादेश न्यूज लाइव : हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत

शेख हसीना के बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से सोमवार को इस्तीफा देने और देश छोड़कर चले जाने के बाद वहां पैदा हुई अराजकता के बीच देशभर में हिंसा की घटनाओं में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ समाचार पोर्टल ने कहा कि सोमवार को अशांति और रातभर के तनावपूर्ण हालात के बाद ढाका में मंगलवार सुबह स्थिति मुख्य रूप से शांत रही। रिपोर्ट के अनुसार, बस और अन्य सार्वजनिक वाहन सड़कों पर नजर आए और स्थानीय दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें खोलीं।
AUG 06, 2024 15:01 IST

बांग्लादेश न्यूज लाइव : बांग्लादेश के हालात की राज्यसभा में दी जानकारी

राज्यसभा में बांग्लादेश के हालात की जानकारी देते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि चार अगस्त को पड़ोसी देश में हालात खराब हुआ। ढाका में कर्फ्यू लगा हुआ था फिर भी लोग जुटे। नाजुक स्थिति को देखते हुए शेख हसीना ने भारत आने की अनुमति मांगी। भारत सरकार ने उन्हें भारत आने की अनुमति दी। हम चाहते हैं कि वहां पर हालात जल्द ठीक हों। बांग्लादेश में चार जुलाई के बाद अल्पसंख्यकों पर हमले तेज होने की खबरें आई हैं। बांग्लादेश में अभी भी चीजें तेजी से बदल रही हैं। जयशंकर ने बताया कि बांग्लादेश में करीब 19000 भारतीय नागरिक हैं इनमें से 9 हजार छात्र हैं। इनमें आठ हजार छात्र वापस आ चुके हैं।
AUG 06, 2024 12:53 IST

एअर इंडिया, इंडिगो, विस्तारा ने ढाका के लिए उड़ानें रद्द कीं

एअर इंडिया ने बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच मंगलवार को दिल्ली से ढाका के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो और विस्तारा ने बांग्लादेश की राजधानी के लिए मंगलवार की अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। विस्तारा मुंबई से ढाका के लिए दैनिक उड़ानों का संचालन करती है। कंपनी दिल्ली से ढाका के बीच तीन साप्ताहिक उड़ान सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। एअर इंडिया के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि कंपनी ने ढाका के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी है और वह दिन में फैसला लेगी कि बांग्लादेश की राजधानी के लिए शाम की उड़ान संचालित की जाएगी या नहीं।
AUG 06, 2024 11:42 IST

बांग्लादेश न्यूज लाइव : हिंडन एयरपोर्ट पहुंचीं VVIP गाड़ियां

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर हैं। यहां गतिविधियां तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि यहां दो वीवीआईपी गाड़ियां पहुंची हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी ब्रिटेन ने हसीना को राजनीतिक शरण नहीं दी है, ऐसे में जब तक हसीना को राजनीतिक शरण नहीं मिल जाता, वह भारत में ही रहेंगी।
AUG 06, 2024 11:16 IST

बांग्लादेश लाइव न्यूज : सर्वदलीय बैठक खत्म, विदेश मंत्री ने दी जानकारी

दिल्ली में बांग्लादेश पर सर्वदलीय बैठक हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने निपक्ष के नेताओं को बांग्लादेश के हालात की जानकारी दी। उन्होंने बांग्लादेश पर सरकार का रुख बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बांग्लादेश के हालात पर नजर और वहां की सेना के साथ संपर्क में हैं। बॉर्डर पर हालात अभी चिंताजनक नहीं हैं। आठ हजार छात्रों को बांग्लादेश से निकाला गया।
AUG 06, 2024 10:38 IST

बांग्लादेश लाइव न्यूज : बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

बांग्लादेश की स्थिति पर भारत करीबी नजर बनाए हुए है। पड़ोसी देश के ताजा हालात से विपक्ष को अवगत कराने के लिए सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य दलों के नेता शामिल होंगे। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने लोकसभा में बांग्लादेश के हालात पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है।
AUG 06, 2024 09:26 IST

बांग्लादेश में लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए अंतरिम सरकार बनाई जानी चाहिए : अमेरिका

अमेरिका ने कहा है कि बांग्लादेश में लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और बांग्लादेशी लोगों की इच्छा का सम्मान करते हुए अंतरिम सरकार का गठन किया जाना चाहिए। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने सोमवार को वाशिंगटन में अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हम बांग्लादेश के लोगों को बांग्लादेश की सरकार का भविष्य निर्धारित करते हुए देखना चाहते हैं।
बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना के अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। ढाका में बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने कहा है कि एक अंतरिम सरकार कार्यभार संभालने जा रही है और सेना देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा उठाएगी। हसीना के देश छोड़ने की खबर आते ही हजारों प्रदर्शनकारी उनके आवास में घुस गए और तोड़फोड़ व लूटपाट की। बाद में हसीना लंदन जाने की अपनी योजना के तहत भारत में गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरीं। मिलर ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका बांग्लादेश के हालात पर करीबी नजर रख रहा है और वह देश में हिंसा समाप्त करने तथा पिछले कुछ हफ्तों में हुई मौतों के लिए जवाबदेही तय करने का आह्वान करता है। उन्होंने कहा, अंतरिम सरकार के संबंध में सभी फैसले लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और बांग्लादेशी लोगों की इच्छा का सम्मान करते हुए किए जाने चाहिए।
AUG 06, 2024 08:29 IST

भारत -बांग्लादेश बॉर्डर पर BSF अलर्ट

भारत -बांग्लादेश बॉर्डर पर BSF अलर्ट पर है। DG BSF दलजीत चौधरी लगातार दूसरे दिन भारत बांग्लादेश बॉर्डर के दौरे पर हैं। आज 11 बजे DG BSF पेट्रापोल का दौरा करेंगे जो 24 परगना में मौजूद है। 24 परगना के दूसरे सेंसिटिव बॉर्डर एरिया का भी वह दौरा करेंगे।
AUG 06, 2024 08:11 IST

शुभेंदु अधिकारी का दावा, बांग्लादेश में हो रहा हिंदुओं का कत्लेआम

Hindus in Bangladesh: बांग्लादेश में जारी उथल पुथल के बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को दावा किया कि पड़ोसी देश के विभिन्न हिस्सों में हिंदुओं का कत्लेआम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक करोड़ से अधिक शरणार्थियों के पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने की संभावना है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा कि उन शरणार्थियों को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत भारतीय नागरिकता दी जानी चाहिए।
AUG 06, 2024 08:10 IST

हसीना को देश छोड़ने के लिए मिले सिर्फ 45 मिनट

Sheikh Hasina: बांग्लादेश में सियासी उथल-पुथल के बीच कई खबरें सामने आ रही हैं। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बांग्लादेश सेना ने सोमवार को देश छोड़ने के लिए सिर्फ 45 मिनट का समय दिया था। सूत्रों ने बताया कि हसीना बांग्लादेश छोड़ने से पहले राष्ट्र के नाम एक संदेश प्रसारित करना चाहती थीं, लेकिन सेना ने उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं दी। उन्होंने आनन-फानन में देश छोड़ना पड़ा। गनीमत ये रही कि सेना ने हसीना का हेलीकॉप्टर इस्तेमाल करने दिया जिससे वह देश छोड़कर सुरक्षित भारत पहुंच सकीं।
AUG 06, 2024 07:18 IST

बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की रिहाई के आदेश दिए

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद से शेख हसीना का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को रिहा करने का भी आदेश दिया, जो कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से घर में नजरबंद हैं। शहाबुद्दीन ने संसद को भंग करने के बाद एक अंतरिम सरकार का गठन करने का भी ऐलान किया।
अखबार ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी बंगभवन में तीनों सेनाओं के प्रमुखों की उपस्थिति में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान की। इसके अनुसार, बाद में राष्ट्र के नाम एक टेलीविजन संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आज उन्हें अपना त्यागपत्र सौंप दिया है और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति ने कहा, संसद को भंग करके यथाशीघ्र अंतरिम सरकार बनाने का निर्णय लिया गया है। सेना भी मौजूदा अराजक स्थिति को सामान्य बनाने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार जल्द से जल्द आम चुनाव कराएगी।
AUG 06, 2024 06:47 IST

बांग्लादेश के राष्ट्रपति के अहम फैसले

बांग्लादेश के राष्ट्रपति की तीनों सेनाओं के प्रमुखों और राजनीतिक नेतृत्व के साथ बैठक में ये निर्णय लिए गए। बिना देर किए अंतरिम सरकार का गठन, लूटपाट और हिंसा रोकने के लिए सेना कदम उठाएगी, बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया को हिरासत से मुक्त किया जाएगा, हाल के विरोध प्रदर्शनों और विभिन्न मामलों में हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा करना।
AUG 06, 2024 00:22 IST

शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ते ही होने लगी शांति

बांग्लादेश में जारी हिंसा अब थमती दिख रही है। बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना के इस्तीफा देने और बांग्लादेश छोड़ने के बाद अब आंदोलन को शांत करने के लिए राष्ट्रपति एक्टिव हो गए हैं। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा कि बांग्लादेश में कल यानि कि मंगलवार से कर्फ्यू खत्म कर दिया जाएगा।
AUG 06, 2024 00:19 IST

भारत में कहां है शेख हसीना

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना, बांग्लादेश से जानबचाकर भारत पहुंच चुकी है। सोमवार शाम जब शेख हसीना ढाका से निकली तो उनका भारत आना कंफर्म नहीं था, लेकिन बाद में उनका विमान भारतीय सीमा में प्रवेश किया और सीधे भारतीय वायुसेना की निगरानी में दिल्ली तक बढ़ते चले आया।
AUG 05, 2024 23:19 IST

असम ने बांग्लादेश सीमा से सटे जिलों को 'हाई अलर्ट' पर रखा

बांग्लादेश में फैली हिंसा और अशांति के बाद असम सरकार ने पड़ोसी देश के साथ सीमा साझा करने वाले अपने सभी जिलों में सोमवार को ‘‘हाई अलर्ट’’ जारी किया। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। असम के करीमगंज, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘हमने सभी सीमावर्ती जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। हमने जिला आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को सीमा की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखने को कहा है।’’
AUG 05, 2024 21:04 IST

बांग्लादेश के लिए सभी रेल सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कीं

भारत और बांग्लादेश के बीच सभी रेल सेवाएं अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बांग्लादेश में उथल-पुथल के बीच यह निर्णय लिया गया है। रेल मंत्रालय के अनुसार, मैत्री एक्सप्रेस, बंधन एक्सप्रेस और मिताली एक्सप्रेस ने इस साल जुलाई के मध्य में आखिरी फेरे लगाए थे और बांग्लादेश में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के कारण तब से उन्हें रद्द कर दिया गया है।