Abhinandan Varthaman: साल 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के दौरान अदम्य साहस का परिचय देने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। देश के सबसे पसंदीदा जांबाज योद्धाओं में शामिल अभिनंदन अब भारतीय नागरिक उड्डयन (सिविल एविशन) क्षेत्र में कदम रख चुके हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वे देश की उभरती हुई क्षेत्रीय एयरलाइन 'एफएलवाई91' (FLY91) के साथ बतौर कमर्शियल पायलट जुड़ गए हैं।
'वीर चक्र' से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान ने अगस्त महीने में ही गोवा स्थित इस एयरलाइन में अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है। हालांकि, एयरलाइन के आधिकारिक प्रवक्ता ने इस विषय पर सीधी टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि कर्मचारियों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी एक निजी मामला है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में शहबाज सरकार के खिलाफ फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं इमरान खान की बहन, जानें क्या है पूरा मामला
27 फरवरी 2019 बने थे देश के हीरो
अभिनंदन वर्धमान 27 फरवरी 2019 को उस समय पूरे देश के नायक बन गए थे, जब उन्होंने अपने मिग-21 बाइसन विमान से पाकिस्तान के अत्याधुनिक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इस हवाई मुठभेड़ के दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और वे सीमा पार पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में जा गिरे थे। करीब तीन दिनों तक पाकिस्तान की हिरासत में रहने के बावजूद उन्होंने बेहद साहस और दृढ़ता का परिचय दिया, जिसके बाद भारत के कूटनीतिक दबाव में पाकिस्तान को उन्हें सकुशल वापस लौटाना पड़ा था।
2021 में 'वीर चक्र' से सम्मानित
वर्ष 2021 में भारत सरकार ने उन्हें युद्धकाल के तीसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार 'वीर चक्र' से सम्मानित किया था। वायुसेना से सेवानिवृत्त होने या सेवा पूरी करने के बाद अब वे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली एयरलाइन FLY91 के एटीआर 72-600 विमानों की कमान संभालते नजर आएंगे। मार्च 2024 में शुरू हुई यह एयरलाइन गोवा और हैदराबाद से अपने उड़ानों का संचालन करती है।
