प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की आध्यात्मिक परंपरा का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान 15 अप्रैल यानी बुधवार को सिडनी ओपेरा हाउस (Sydney Opera House) में विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे और यहीं से विश्व शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देंगे। इससे पूर्व Parliament House में भी उनका संबोधन का कार्यक्रम रखा गया था, जहां उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों पर विचार साझा किए। Perth में भी उनके कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कथावाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) 8 से 15 अप्रैल तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे हैं। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया में उनका आखिरी कार्यक्रम है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसके बाद वे भारत लौट सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं है।
सिडनी ओपेरा हाउस कार्यक्रम को लेकर उनके अनुयायियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस दौरान बागेश्वर सरकार वैश्विक स्तर पर शांति, सद्भाव और भारतीय संस्कृति के महत्व पर लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बागेश्वर धाम से जुड़े आयोजकों ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया है। उनका कहना है कि पहली बार कोई युवा भारतीय संत सिडनी ओपेरा हाउस जैसे विश्वप्रसिद्ध मंच से लोगों को संबोधित करेगा। इसे भारत के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा कार्यक्रम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और यूट्यूब पर लाइव प्रसारित किया जाएगा, ताकि दुनियाभर के लोग इस आयोजन से जुड़ सकें। आयोजकों ने मीडिया संस्थानों और चैनलों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम को प्रमुखता से प्रसारित करें। यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के रूप में भी अहम माना जा रहा है, जहां भारत की आध्यात्मिक विरासत वैश्विक मंच पर प्रस्तुत होगी।
