देश

Bageshwar Dham Baba: नागपुर पुलिस ने बाबा बागेश्वर को दी क्लीन चिट, धीरेंद्र शास्त्री का 'चमत्कार' बरकरार

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 25, 2023, 05:10 PM IST

Bageshwar Dham Baba: बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों अपने चमत्कारों को लेकर विवादों में हैं। कुछ लोग उनके साथ खड़े हैं तो कुछ उनपर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगा रहा है। बाबा का दावा है कि वो चमत्कार नहीं करते उनके ईष्ट देव करते हैं, जिससे लोगों की समस्या का निदान होता है।

Bageshwar Dham Baba: बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री को नागपुर पुलिस की तरफ से बड़ी राहत मिली है। नागपुर पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज शिकायत पर उन्हें क्लीन चिट दे दिया है।

पुलिस ने क्या कहा

नागपुर पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ अंधविश्वास का कोई सबूत नहीं मिला है। नागपुर पुलिस ने महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से जुड़े श्याम मानव की शिकायत पर धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम के वीडियो की जांच की थी। जांच के बाद नागपुर पुलिस का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री वीडियो में कहीं भी अंधविश्वास फैलाते नहीं पाए गए हैं। नागपुर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जानकारी देते हुए यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस ने केवल नागपुर कार्यक्रम के वीडियो की जांच की है।

मिली थी चुनौती

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 5 से 13 जनवरी तक नागपुर में रामकथा किया था। इसी दौरान उनका वीडियो देखने के बाद महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के प्रमुख श्याम मानव ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि अगर शास्त्री 10 में से 9 लोगों के नाम सही बता सकते हैं तो वे उन्हें 30 लाख रुपये देंगे और उनका विरोध भी वो करना भी बंद कर देंगे।

बाबा ने क्या कहा था

बागेश्वर बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इन आरोपों को लेकर कहा था कि वो चमत्कार नहीं करते हैं। उनके ईष्ट देव चमत्कार करते हैं। उन्होंने कहा था- मैं कोई चमत्कारी व्यक्ति नहीं हूं और न ही मुझमें किसी के मन की बात जानने की शक्ति है। मैं बागेश्वर सरकार भी नहीं हूं, बागेश्वर सरकार बालाजी महाराज हैं, जिनकी प्रेरणा से मैं लोगों की समस्याओं का समाधान करता हूं।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article