Babbu Maan: पंजाबी सिंगर बब्बू मान के दिल्ली में होने वाले लाइव शो को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह कार्यक्रम 9 नवंबर को विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाना था। इसमें करीब 2 लाख लोगों के जुटने का अनुमान था। पुलिस की आपत्ति के बाद आयोजकों ने फिलहाल कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। अब नए और बड़े वेन्यू पर शो आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
दिल्ली में होने वाली लाइव शो सिंगर ब्बू मान के शो कैंसिल। twitter
जानकारी के मुताबिक, बब्बू मान के लाइव शो के लिए दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में वेन्यू चुना गया था। हालांकि, कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस जगह को अनुपयुक्त पाया। पुलिस की टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई चिंताएं सामने आईं। पुलिस का मानना था कि करीब 2 लाख लोगों की भीड़ के लिए मौजूदा वेन्यू पर्याप्त नहीं है।
भगदड़ की आशंका के चलते नहीं मिली अनुमति
आउटर नॉर्थ के एडिशनल डीसीपी लोकेश्वरन आर ने बताया कि संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौजूदा स्थल पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस को आशंका थी कि पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर भगदड़ या कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस ने आयोजकों को सलाह दी है कि वे कार्यक्रम के लिए किसी बड़े और उपयुक्त स्थान का चयन करें, जहां भीड़ को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
नए वेन्यू पर होगा कार्यक्रम
पुलिस की आपत्ति के बाद आयोजकों ने फिलहाल बब्बू मान के लाइव शो को पोस्टपोन कर दिया है। अब नए वेन्यू पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसके लिए सेक्टर के हिसाब से व्यवस्था बनाने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और वॉलंटियर्स की मदद लेने की तैयारी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि बड़े आयोजनों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए भीड़ की क्षमता और सुरक्षा इंतजामों का आकलन करने के बाद ही कार्यक्रम को मंजूरी दी जाएगी।
